
चंबा। स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने उपायुक्त संदीप कदम को चंबा के प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल से दस किमी की दूरी पर जगह चन्हित करने के निर्देश दिए हैं। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि चंबा अस्पताल में 28 चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। जोनल हॉस्पिटल के हर विभाग में दो-दो स्पेशलिस्ट तैनात किए जाएंगे। चंबा अस्पताल में स्टाफ नर्सों की कमी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने सीएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि जिस पीएचसी में स्टाफ नर्सों की जरूरत नहीं है, वहां से स्टाफ नर्सों को ट्रांसफर करके चंबा अस्पताल में तैनात किया जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी बीएमओ को निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिले के किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में ताला नहीं लगना चाहिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शहर के जितने पास होगा, मरीजों को उससे अधिक फायदा मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय अस्पताल को मेडिकल कॉलेज से अटैच करके वहां पर भी कई सुविधाएं मुहैया करवाई जा सकेंगी। उन्होंने शहर से करीब 25 किमी दूर भनौता में प्रस्तावित भूमि को रिजेक्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि नए नियमों के तहत क्षेत्रीय अस्पताल की 10 किमी की परिधि में ही जगह का चयन करना होगा। साथ ही कहा कि इस कॉलेज के निर्माण पर 90 करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा। उन्होंने उपायुक्त को जल्द से जल्द उपयुक्त स्थान का चयन करके उन्हें इसकी रिपोर्ट भेजने को कहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को जल्द ही पूरा किया जा रहा है। चंबा अस्पताल में गायनी स्पेशलिस्ट की तैनाती कर दी गई है। इससे स्थानीय लोगों को पेश आ रही समस्याओं से निजात मिलेगी।
आरकेएस के तहत भरें पद
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सभी बीएमओ की समस्याओं को सुना और जल्द ही उसका समाधान करने का आश्वासन दिया। बैठक में जिले की सभी पीएचसी में स्टाफ नर्स व फार्मासिस्ट के रिक्त चल रहे पदों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने उपायुक्त व सीएमओ डा. अशोक गुप्ता को इन समस्याओं का समाधान करने के निर्देश जारी करते हुए कहा कि पीएचसी में चल रहे रिक्त पदों को आरकेएस के तहत भरा जाए। स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि उनका एक ही उद्देश्य है कि किसी भी पीएचसी में स्टाफ की कमी के कारण ताला नहीं लगना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री किए सम्मानित
बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के सह निदेशक डा. राकेश वर्मा, सीएमओ अशोक गुप्ता, एमएस डा. विनोद शर्मा, डा. देवेंद्र, डा. नागेश वर्मा, डा. राम कमल, डा. प्रशांत राणा सहित सभी बीएमओ उपस्थित रहे।
