
सरोल (चंबा)। शहर की निकटवर्ती चार पंचायतों में 33 हैंडपंप लंबे अरसे से खराब पड़े हुए हैं। ग्राम पंचायत कियाणी, हरिपुर, सरोल व राजपुरा में लगे अधिकतर हैंडपंप खराब होने से लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ हैंडपंप तो करीब दो वर्षों से खराब पड़े हुए हैं। इस कारण लोगों को पेयजल के लिए दूसरों स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। हैंडपंप लगने से स्थानीय लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ रहा था। लेकिन जबसे हैंडपंप खराब हुए हैं तो लोगों को पेयजल लाने के लिए मुश्किलें पेश आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार नलों में पेयजल सप्लाई बंद हो जाती है, तो पेयजल किल्लत से जूझना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हैंडपंप खराब होने की बात वे सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के समक्ष रख चुके हैं। अभी तक हैंडपंप की मरम्मत नहीं की गई है। इससे स्थानीय लोगों में विभाग के प्रति निराशा है। कियाणी पंचायत के प्रधान मानक चंद गुप्ता, हरिपुर पंचायत की प्रधान अनीता कुमारी, उप प्रधान सुनील कुमार, सरोल पंचायत के प्रधान धीरज नरयाल, धीरज महाजन, अमित कुमार, गौरी प्रसाद, राहुल महाजन, अनिल, सुनील गुप्ता, पुनीत मल्होत्रा, संजू, देस राज, मेहर चंद, अशोक कुमार, अजय, भानू प्रताप ने बताया कि वे हैंडपंप ठीक करने के लिए कई बार मांग उठा चुके हैं, जो आज तक पूरी नहीं हो पाई। लोगों ने जिला प्रशासन और आईपीएच महकमे से जल्द खराब हैंडपंपों को ठीक करने की मांग की है। उधर, आईपीएच विभाग के अधीक्षण अभियंता आरके महाजन ने बताया कि जल्द खराब पड़े हैंडपंप ठीक करवा दिए जाएंगे।
इंसेट …..
यहां पर खराब हैं हैंडपंप
ग्राम पंचायत हरिपुर के भद्रम जीरों प्वाइंट, सिद्धपुरा, सिद्धपुरा स्कूल, हरिपुर, भामुंई, भद्रम पैट्रोल पंप के पास दो हैंडपंप, रोड़ी, गैला, पठानकोट जीरो प्वाइंट, सरोल पंचायत के बैंसका, अपर घोल्टी, घोल्टी, भुगनपुरा, सरोल, शक्ति माता मंदिर के पास, राजपुरा पंचायत के राजपुरा, बीर बाबा दरगाह के पास, शालीमार, प्राइमरी स्कूल राजपुरा, लोअर राजपुरा, फोलगत, बरटा, बांई, कियाणी पंचायत में विभिन्न स्थानों पर नौ हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं।
