लाणा भल्टा चुनीं सर्वश्रेष्ठ पंचायत

नाहन (सिरमौर)। शिमला मंडल के तहत पच्छाद विकास खंड की लाणा भल्टा ग्राम पंचायत निर्मल भारत अभियान के अंतर्गत महर्षि वाल्मीकि संपूर्ण स्वच्छता पुरस्कार-2014 में सर्वश्रेष्ठ आंकी गई है। इस पंचायत को मंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पांच लाख रुपये का इनाम मिला है। विजेता पंचायत अब राज्य स्तर पर अन्य मंडलों की सर्वश्रेष्ठ पंचायतों के साथ प्रतिस्पर्धा में भाग लेगी। यह जानकारी डीआरडीए के उप निदेशक एवं परियोजना अधिकारी रविंद्र शर्मा ने दी। वह सोमवार को डीआरडीए हाल में महर्षि वाल्मीकि संपूर्ण स्वच्छता पुरस्कार के संदर्भ में आयोजित कार्यशाला मे बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर के लिए यह गौरव की बात है कि लगातार तीन वर्षों से शिमला मंडल स्तर पर जिला सिरमौर की पंचायतें सर्वश्रेष्ठ रही हैं। 2013 में राजगढ़ विकास खंड की भुईरा एवं 2012 में इसी खंड की बोहल टालिया पंचायत सर्वश्रेष्ठ रह चुकी हैं। शिमला मंडल की ओर से जिला सिरमौर की तीनों सर्वश्रेष्ठ पंचायतें अब राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा में भाग लेगी। उन्हाेंने बताया कि जिला सिरमौर से इससे पहले भी संगड़ाह विकास खंड की लाणा पालर पंचायत प्रदेश स्तर पर संपूर्ण स्वच्छता में सर्वश्रेष्ठ पंचायत रह चुकी है।

75 प्रतिशत घरों में बने शौचालय
सिरमौर जिले में 2005 में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम की शुरूआत हुई थी। तब जिले में केवल 19 प्रतिशत घरों में शौचालय मौजूद थे, लेकिन आज यह आंकड़ा बढ़कर 75 प्रतिशत तक पहुंच गया है। अन्य परिवारों को भी शीघ्र ही निर्मल भारत अभियान के तहत शौचालय बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर लाणा-भल्टा पंचायत के प्रधान जगजीत सिंह ने भी विचार रखे। उन्होंने बताया कि सभी ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों के कारण ही उनकी पंचायत को मंडल स्तर पर संपूर्ण स्वच्छता में सर्वश्रेष्ठ पंचायत का दर्जा प्राप्त हुआ है।

इन प्रतिनिधियों ने लिया भाग
बैठक में बीडीओ पच्छाद रवि कुमार बैंस, परियोजना अर्थशास्त्री, डीआरडीए प्रताप चौहान, प्रधान ग्राम पंचायत बोहल-टालिया नंद राम, प्रधान ग्राम पंचायत भुईरा राम गोपाल रपटा मौजूद रहे। साथ ही पूर्व प्रधान लाणा-पालर जयगोपाल शर्मा सहित पंचायतों के प्रतिनिधियों, महिला एवं युवक मंडलों तथा स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

Related posts