झटका:एपीएल परिवारों के राशन में कटौती

चंबा। बढ़ती महंगाई की मार के बीच प्रदेश सरकार ने मध्यम वर्गीय परिवारों को दिए जाने वाले सस्ते राशन की मात्रा में कटौती करके एक और झटका दिया है। इसके चलते डिपुओं के माध्यम से सस्ता राशन लेकर गुजारा करन वाले एपीएल परिवारों को महंगाई की और मार झेलनी होगी। प्रदेश सरकार ने एपीएल परिवार के राशन में भारी कटौती कर दी है। हालांकि कटौती करने का निर्णय पहले ही लिया गया था, मगर इसे उस समय लागू किया जा रहा है जब महंगाई अब तक के सबसे ऊपरी स्तर पर है। हजाराें एपीएल राशनकार्ड धारकों को इस बार चावल व आटे का कम कोटा मिलेगा।

यह है स्थिति
इस माह इस वर्ग के राशनकार्ड धारकों को पांच किलोग्राम आटा और चार किलोग्राम चावल कम मिलने जा रहे हैं। एपीएल परिवारों को पहले खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के डिपो से प्रति माह 18 किलो आटा प्रति परिवार दिया जाता था। इस माह से उपभोक्ताओं को आटे की मात्रा कम करके 13 किलोग्राम ही दी जाएगी। इसके अलावा चावल 10 किलोग्राम की जगह छह किलोग्राम ही मिलेंगे। इस कारण हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक मोहन सिंह ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार राशन के कोटे में कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि इस माह नए कोटे के हिसाब से डिपुओं को राशन जारी किया गया है। उपभोक्ताओं को अब 13 किलोग्राम आटा व छह किलो चावल प्रति परिवार मिलेंगे।

Related posts