
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। नारकंडा के पास छींछड़ जंगल में अवैध रूप से देवदार के पेड़ काटते पांच लोगों को वन विभाग और पुलिस की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इनसे देवदार के नौ स्लीपर भी पकड़े गए हैं। सभी आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। क्षेत्र में लकड़ी तस्करी के मामले थम नहीं रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर जब पांच लोग देवदार के पेड़ों को काट रहे तो किसी ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस का एक दल मौके पर रवाना हुआ। टीम ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में किशोर लाल गांव कांगल, विरेंद्र गांव फिरनू, गीता राम गांव नरकी कुमारसैन के रहने वाले हैं। वहीं दो नेपाली मूल के इंद्र बहादुर और मन बहादुर इनके साथ पेड़ काट रहे थे। वहीं, इनके पास से नौ स्लीपर भी पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों और लकड़ी को काटने में प्रयोग किए जा रहे हथियार भी बरामद किए हैं।
इधर, वन विभाग के बीओ रमेश कंवर ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कोई जंगल में पेट काट रहे हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर मौके पर रवाना हुए। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी यहां कई पेड़ों को अवैध रूप से काटा जा चुका है। डीएसपी रामपुर सोम दत्त ने बताया कि पुलिस ने नारकंडा के समीप छींछड़ जंगल में पांच लकड़ी तस्करों को लकड़ी काटते दबोचा है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
