सड़क दुर्घटना में घायल ने तोड़ा दम

राजपुर / सतौन (सिरमौर)। लोकसभा चुनाव के दिन भारी मतदान तथा उसके बाद जीत हार की चर्चा चल रही थी। वहीं सुधा देवी पांवटा सड़क दुर्घटना में चोट ग्रस्त अपने बेटे का पीजीआई चंडीगढ़ आईसीयू में सिर के सफल ऑपरेशन के लिए दुआ मांग रही थी। हालांकि विधाता को कुछ और ही मंजूर था। बुधवार शाम को देवेंद्र शर्मा (33) साल पुत्र खतरी राम शर्मा निवासी गांव शमाह तहसील कमरऊ की मौत की खबर मिली।
देवेंद्र अपने पीछे अपनी पत्नी अंजू देवी तथा दो साल के बेटे अक्षु को छोड़ गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जिसे देर रात 11 बजे अपने पैतृक गांव शमाह लाया गया। मृतक की खबर सुनते ही शमाह गांव में मातम छा गया। पांवटा डीएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि 3 मई देर शाम को देवेंद्र शर्मा पांवटा-शिलाई मार्ग पर गोंदपुर के पास एक अज्ञात ट्रक सेे टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों को सूचना मिलते ही उसे तुरंत पीजीआई पहुंचाया गया। जहां आईसीयू में उसका उपचार चल रहा था। बुधवार सुबह 9 से 3 बजे तक देवेंद्र शर्मा का ऑपरेशन चला, लेकिन इस दौरान उसने दम तोड़ दिया।

परिवार ने एक मात्र कमाने वाला भी गंवाया
देवेंद्र शर्मा का घर और जमीन शमाह गांव में आई प्राकृतिक आपदा में पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुका है। पिता खतरी राम को बच्चों की पढ़ाई तथा खाने पीने का खर्चा चलाना मुश्किल हो गया था। वर्ष 2003 में कफोटा केंद्र पाठशाला में प्राथमिक सहायक अध्यापक पद पर देवेंद्र शर्मा की नौकरी लगी थी। उसके बाद घर में दो वक्त की रोटी का गुजारा ठीक से चलने लगा था। कफोटा खंड अधिकारी गुमान सिंह, सतौन खंड अधीक्षक रंगी लाल, पीटीए अध्यक्ष मायाराम शर्मा, रतीराम रंगवाल, अतर शर्मा, राजेश परमार, सुर्जन सिंह ठाकुर, राजेंद्र शर्मा गतवाल, ओमप्रकाश शर्मा शमवाल, इंदिरा देवी, फतेह सिंह कंवर, प्रताप चौहान, गंगी राम सीएचटी, पंचायत प्रधान एवं स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। वीरवार को उनका पैतृक घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Related posts