शहरों में 24 घंटे पानी देने की तैयारी

शिमला। हिमाचल के महत्वपूर्ण शहरों में चौबीसों घंटे पीने का पानी देने की तैयारी कर दी गई है। राज्य सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने तय किया है कि इन आठों शहरों की पानी की योजनाओं को सार्वजनिक निजी सहभागिता पर दिया जाएगा। आठ शहरों में रोजाना 135 लीटर प्रति व्यक्ति पानी की आपूर्ति की जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर वर्ष 2016 तक काम पूरा होगा।
ये आठ शहर कांगड़ा, नूरपुर, पालमपुर, नाहन, पांवटा साहिब, बद्दी, परवाणू और रामपुर हैं। यह तय हुआ है कि इन शहरों में पानी की सभी योजनाओं की इंजीनियरिंग, प्रोक्यूरमेंट, निर्माण, टेस्टिंग, कमिशनिंग, ट्रायल रन, ऑपरेशन और प्रबंधन का काम सार्वजनिक निजी सहभागिता (पीपीपी) पर दिया जाएगा। जिस निजी पार्टी को काम दिया जाता है, उसे वर्ष 2016 तक इसे लागू करना होगा। इसके तहत रोजाना 135 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन (एलपीसीडी) आपूर्ति करनी होगी। पानी की आपूर्ति 3 से 4 घंटे से लेकर चौबीसों घंटे के बीच के चिन्हित समय के बीच रोजाना करनी होगी। पानी 100 प्रतिशत उपचारित होना चाहिए। शिकायत का निवारण भी समयबद्ध शत-प्रतिशत होना चाहिए।
उधर, राज्य सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता नवीन पुरी ने कहा है कि अभी केवल इस विषय पर विचार-विमर्श हुआ है। टेंडर की प्रक्रिया चुनाव के बाद ही हो पाएगी। उन्होंने कहा कि मकसद पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

नगर निगम के पास है शिमला
शिमला। राजधानी शिमला में पेयजल की आपूर्ति नगर निगम शिमला के पास है। इसीलिए चिन्हित शहरों में शिमला शामिल नहीं है।

Related posts