सरकार के विरोध में मतदान का निर्णय

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। अपने ही पैसे को तरसे हिमाचल परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों ने लोकसभा चुनाव में सरकार के विरोध में मतदान करने का निर्णय लिया है। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष बलराम पुरी की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वित्तीय लाभ न मिलने पर रोष व्यक्त किया गया।
उन्होंने कहा कि परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए लगभग 4 हजार कर्मचारियों को न तो रेगुलर पेंशन प्रदान की जा रही है और न ही गत 50 माह से महंगाई भत्ते के एरियर तथा मेडिकल बिलों की राशि मिल पाई है। स्थिति यह है कि गत एक वर्ष में परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को पीएफ सहित अन्य किसी भी प्रकार के कोई भी वित्तीय लाभ अभी तक प्रदान नहीं किए गए थे। रोष व्यक्त किया गया कि मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और वित्त सचिव से कई बार गुहार लगाए जाने के बावजूद स्थिति ज्यों की त्यों है। कहा गया कि उम्र के इस पड़ाव में अपने ही पैसे को तरसे इस वर्ग ने अब इस लोक सभा चुनाव में सरकार के विरोध में मतदान करने का निर्णय लिया है। मीटिंग में कुलदीप सिंह गुलेरिया, वीर सिंह चौहान, किशोरी लाल धनोटिया, ओम प्रकाश वर्मा, संसार पठानिया, अवतार सिंह, सुशील शर्मा, सुरेश धीमान, स्वरूप लाल और क्रांति संदेश उपस्थित रहे।

Related posts