
सरकाघाट (मंडी)। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विभागाें के करीब तीन दर्जन सरकारी कर्मचारियाें की एक राजनीतिक सभा में हिस्सा लेने की शिकायत पर जांच प्रक्रिया से भाजपा नाखुश है। चुनाव आयोग की टीम ने आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत पर उन सभी कर्मचारियाें के बयान दर्ज कर लिए हैं जिनके नाम शिकायत पत्र में शामिल थे। लेकिन दूसरी ओर शिकायतकर्ता पक्ष यानि विपक्षी दल भाजपा जांच प्रक्रिया से खुश नहीं।
चुनाव आयोग की टीम ने कर्मचारियाें के कार्यालयों में जाकर उनके बयान दर्ज किए। बताया जा रहा है कि इस बीच सभी कर्मचारियों ने राजनीतिक सभा में भाग लेने तथा चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने से लिखित रूप में साफ मना कर दिया है। इस पर प्रशासन ने शिकायतकर्ता से अब प्रमाण सहित अपने आरोपाें को सिद्ध करने के लिए कहा है। लेकिन दूसरी ओर जांच प्रक्रिया से नाखुश धर्मपुर भाजपा के महामंत्री देशराज पालसरा का कहना है कि शिकायत सूची में दर्शाए सभी कर्मचारियाें के बयान सहायक निर्वाचन अधिकारी के सामने वीडियोग्राफी कर ही होने चाहिए थे। लेकिन ऐसा नहीं किया। बिना शिकायत पक्ष को विश्वास में लिए कार्रवाई की है जो मान्य नहीं होगी।
धर्मपुर विस क्षेत्र के कुल 34 कर्मचारियाें के खिलाफ धर्मपुर के एक कांग्रेसी नेता द्वारा बुलाई सभा में भाग लेेन की भाजयुमो सुंदरनगर जिला अध्यक्ष रजत ठाकुर ने शिकायत दी थी। वहीं एसडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी सरकाघाट रोहित राठौर ने कहा कि जांच प्रक्रिया चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पूरी पारदर्शिता से हो रही है।
चौदह बूथ अधिकारियों की शिकायत
सरकाघाट (मंडी)। धर्मपुर भाजपा महामंत्री ने लिखित शिकायत कर चौदह बूथ लेबल अधिकारियाें को हटाकर उनके स्थान पर नए बूथ लेवल अधिकारी तैनात करने की मांग की है। भाजपा महामंत्री का कहना है कि इन चौदह पोलिंग बूथों में नियुक्त बूथ स्तर अधिकारी कांग्रेस के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। इस पर उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए। ताकि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव हो सकें। एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।
