
रिवालसर (मंडी)। खाना खाते वक्त भले ही भगवान इंतजार करता हो लेकिन मौत नहीं। नैणा माता मंदिर सरकीधार में चल रहे मुंडन संस्कार में आए एक व्यक्ति के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। खाना खाते वक्त उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। पतल में परोसा खाना भी आधा पतल में ही रह गया।
नैणा माता मंदिर सरकीधार में मुंडन संस्कार में हुई इस मौत से संस्कार की खुशियां एकाएक शोक में बदल गई। नैणा माता मंदिर सरकीधार में 82 वर्षीय यदुपति निवासी गोहर मुंडन संस्कार में आए थे। जानकारी के अनुसार दोपहर को खाना खाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनाें ने 108 एंबुलेंस से मृतक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिवालसर पहुंचाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकाें ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मुंडन संस्कार की खुशियां शोक में बदल गईं। पीएचसी रिवालसर से चिकित्सक डा. तिलकराज ने मृतक की हृदय गति रुकने की वजह से मौत की पुष्टि की है।
ढांक से गिरकर युवक घायल
टिहरा (मंडी)। टिहरा के टौर गरी में ढांक से गिरने की घटना में घायल राकेश कुमार (16) की हालत गंभीर बनी हुई है। युवक की दोनों टांगाें और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे बेहोशी की हालत में परिजनों ने क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया। यहां से नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि युवक ढांक से करीब ग्यारह सौ मीटर नीचे जा गिरा। युवक के पिता मजदूरी करते हैं। वहीं क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर से डा. निखिल आहलूवालिया ने बताया कि युवक की दोनाें टांगों और सिर पर चोटें आई हैं। युवक बेहोशी की हालत में ही है। उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।
