
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। कोटला मिडिल स्कूल शिक्षकों की कमी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। हालत यह है कि स्कूल एक अध्यापक के सहारे चल रहा है। मिडिल स्कूल कोटला 2013 में शुरू हुआ था, लेकिन तब से यहां पर एक ही अध्यापक कार्यरत है। अभिभावकों ने विभाग से मांग कि है कि जल्द ही यहां और शिक्षकों की तैनाती की जाए। हालांकि कोटला मिडिल स्कूल में अध्यापकों के तीन पद स्वीकृत हैं। स्कूल में शिक्षकों की कमी के चलते अभिभावकों को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सताने लगी है। जानकारी के मुताबिक मिडिल स्कूल कोटला में टीजीटी नॉन मेडिकल और भाषा अध्यापक के दो पद खाली हैं। एसएमसी की प्रधान सरोज चौहान, महिला मंडल की प्रधान अतर दासी, उपप्रधान शकुंतला चौहान, मूनलाइट के प्रधान नारायण खन्ना, सुंदर नेगी, वेद प्रकाश, राजेंद्र थापा, अविनाश सेवगी, रमेश नेगी, मीना देवी, टिकम नेगी व अन्य ने निदेशक एलीमेंटरी से मांग की है कि चुनाव आचार संहिता खत्म होते ही कोटला मिडिल स्कूल में खाली पडे़ दोनों पद भरे जाएं ताकि बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर बुरा प्रभाव न पड़े।
