कलाकारों के शेड्यूल में किसने किया बदलाव?

रोहड़ू। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों को पांच मिनट कार्यक्रम देने के लिए दस से बीस हजार रुपये दिए गए। वहीं, सांस्कृतिक संध्या के कार्यक्रम में अंतिम समय में भारी फेरबदल हुआ। मेला कमेटी ने पांच दिन पहले कलाकारों के कार्यक्रम की सूची तैयार की थी। अब सवाल उठ रहा कि अंतिम समय में कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम में किसने फेरबदल किया। कल्चर कमेटी के प्रभारी को इसकी भनक नहीं है।
रोहड़ू मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या के कार्यक्रम शाम करीब पौने आठ बजे शुरू किए गए। जबकि मेला कमेटी की ओर से जारी सूची में कार्यक्रम शुरू होने का समय शाम साढ़े छह बजे रखा गया था। साढे़ तीन घंटे के कार्यक्रम में तेरह कलाकारों को अपनी प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया। अरुण जस्टा के कार्यक्रम से पहले सूची में नौ कलाकारों के नाम शामिल थे, लेकिन मौके पर अरुण जस्टा को दूसरे नंबर पर कार्यक्रम देने के लिए बुलाया गया। सूची के अनुसार अरुण जस्टा के कार्यक्रम का समय सांय 8.05 से 8.25 का रखा गया था। अरुण को मात्र पांच मिनट का समय ही मंच पर दिया गया। उनके बाद रविंद्र ठाकुर और कृतिका तनवर के नाम पहले की सूची में दर्शाए गए थे। मौके पर इस बीच दूसरे कलाकारों को समय दिया गया। इंडियन आइडल फेम कृतिक तनवर को सूची के अनुसार 8.45 से 9.05 का समय दिया था । उसे करीब दस मिनट मंच पर कार्यक्रम पेश करने का समय मिला। कार्यक्रम में भारी फेरबदल कलाकारों से लेकर आम लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्या कहना है कल्चर कमेटी का
रोहड़ू मेला कल्चर कमेटी के प्रभारी ईश्वर दास छवारू ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में किसने फेरबदल किया, इसकी एसडीएम से बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेले के नाम पर लोगों से जुटाए गए धन का दुरुपयोग गलत है। यदि चहेतों को फायदा देने के लिए कलाकारों के कार्यक्रम में फेरबदल सामने आया तो जवाबदेही तय होगी।

Related posts