होली-उतराला सुरंग बनाने का दिया आश्वासन

भरमौर (चंबा)। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने भरमौर-पांगी हलके के लिल्ह व भरमौर में जनसभा कर लोगों से वोट मांगे। भरमौर के हैलीपैड में हुई जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बीते वर्ष उपचुनाव में भरमौर से मिली बढ़त के लिए लोगों को आभार प्रकट किया। प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस सरकार के अब तक के कार्यकाल में किए गए कार्यों को गिनाते हुए लोगों से कांग्रेस के पक्ष में वोट मांगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में अव्वल है। कांग्रेस पार्टी की दूरगामी सोच के कारण सूबे में चहुंमुखी विकास हुआ है। उन्होंने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी व सोनिया गांधी द्वारा करवाए गए विकास कार्यों के बारे में लोगों को बताया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने थोड़े से कार्यकाल में ही जनता से किए गए अधिकतर वायदों को पूरा किया है। कांग्रेस के चुनाव घोषणापत्र को सरकारी दस्तावेज बनाकर इसमें किए गए वायदे पूरे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सरकार ने बेरोजगारों को कौशल विकास भत्ता मुहैया करवाया है। इसी तरह स्कूली बच्चों को मुफ्त बस सुविधा मुहैया करवाई गई। भाजपा के कार्यकाल में बंद किए गए स्कूलों को खोला गया और कई स्कूल अपग्रेड किए गए। इसी तरह प्रदेश में न केवल नए कॉलेज खोले गए, बल्कि उन्हें बजट भी मुहैया करवाया गया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि बीच में उपचुनाव व अब आम चुनाव के चलते आचार संहिता लगने से सरकार के कई कार्य लटके हुए हैं, इन्हें भी चुनावों के बाद शुरू करके जनता को राहत दी जाएगी। उन्होंने होली-उतराला सुरंग निर्माण का भी आश्वासन दिया। इससे पहले उन्होंने चौरासी परिसर पर माथा टेका। भरमौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस मौके पर वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, गोविंद, ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्मनंद शर्मा ने भी जनसभा में अपने विचार रखे।

…..इंसेट
होली में महिलाओं के मुद्दे को सुलझाया जाएगा
चंबा। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा कि होली में प्रोजेक्ट की सुरंग के आबादी की ओर किए जा रहे निर्माण का विरोध कर रही महिलाओं के मुद्दे को कंपनी व ग्रामीणों के बीच बैठक कर सुलझाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बात सही है कि प्रोजेक्टों का निर्माण लोगों के विकास के लिए होता है, मगर उन्हें परेशान करके इनका निर्माण नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि वह चुनावों के बाद इस मामले की जानकारी लेकर कंपनी व ग्रामीणों को एक साथ बिठाकर इस समस्या का समाधान निकालने की कोशिश करेंगी। वह चंबा में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में बोल रही थीं। इसी तरह भरमौर की गैर जनजातीय पंचायतों को जनजातीय क्षेत्र में लाने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मामला भी उनके ध्यान में नहीं है। फिर भी लोगों की मांग को गंभीरता से लिया जाएगा।

Related posts