किन्नौर में 60 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी

सांगला(किन्नौर)। जिला किन्नौर में एक बार फिर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है, जिससे जिले का तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच गया है। ताजा हिमपात से जिला फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया है। बर्फबारी से चुली और बैम्मी फसलों को भी नुकसान हो रहा है, जबकि निचार क्षेत्र में सेब की फ्लावरिंग को भी क्षति हुई है। बर्फबारी से कई क्षेत्रों में फलदार पौधों की टहनियों को भी नुकसान पहुंचा है।
शनिवार को जिले के कल्पा का न्यूनतम तापमान 0 डिग्री से तक पहुंच गया है, जबकि सांगला में तापमान माइनस तीन डिग्री दर्ज किया गया है। हालांकि शनिवार को जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से जनजीवन पर खासा प्रभाव नहीं पड़ा है, लेकिन बर्फबारी के कारण जिले में फिर से ठंड बढ़ गई है। जिले के कल्पा में शनिवार को 15 सेमी. और रिकांगपिओ सहित जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों चांसू, कामरू, सांगला, बटसेरी, रक्षम, छितकुल, कल्पा, रोघी, पांगी, बारंग, भावावैली, निचार, तरंडा, सुमरा, शलखर, पूह, नाको, चांगो, हांगो चुलिंग, नमज्ञा, टाशीगंाग, नेसंग, रोपा वैली, ज्ञावुंग, रूषखुलंग, लिप्पा और आसरंग में छह इंच से 60 सेंटीमीटर तक बर्फबारी दर्ज की गई है।
वहीं जिले के निचले क्षेत्रों में पवारी, टापरी, भावानगर, शोंगठोंग, निगुलसरी और चौरा आदि क्षेत्रों में बारिश हो रही है। बर्फबारी के कारण सांगला के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार सुबह से बिजली आपूर्ति भी ठप रही।
बारिश होने से पूह काजा की ओर जाने वाला एनएच-पांच भी पांगी के पास चट्टानों के आने से बंद रहा। करीब छह घंटे बाद बंद पड़े मार्ग को सीमा सड़क संगठन ने बहाल किया। सीमा सड़क सुरक्षा संगठन के ओसी एचआर वनराज ने इसकी पुष्टि की है। वहीं सांगला, रक्षम छितकुल, आसरंग, लिप्पा बटसेरी व रोघी सहित अधिकतर ग्रामीण रूटों पर बसों की आवाजाही बंद रही। हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डीएस रघु ने बताया कि पूह काजा की ओर 12 बजे के बाद बसों की आवाजाही बराबर रही।

Related posts