लंगर भी जुड़ेगा चुनाव खर्च में

धर्मशाला। लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों की ओर से किसी भी प्रकार के धार्मिक समागम या अन्य समारोहों (लंगर, भोज) में सम्मिलित होने पर समारोह का व्यय संबंधित उम्मीदवार के खाते में जोड़ा जा सकता है। यह जानकारी व्यय पर्यवेक्षक अभय कुमार ने सहायक निर्वाचन अधिकारियों एवं व्यय निगरानी समितियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। अभय ने बताया कि व्यय से संबंधित दरों की बुकिंग (निर्धारण) निर्वाचन आयोग द्वारा तय की गई दरों के अनुरूप की जाएंगी। इसमें समस्त व्यय सम्मिलित किए जाएंगे। मतदाताओं को किसी प्रकार का कोई प्रलोभन न दिया जाए, इस पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। जिले में चुनाव के दौरान धन एवं शराब के उपयोग को रोकने के लिए व्यवस्था की जाएगी। जिला में प्रत्येक दिन बिकने वाली शराब की रेशो पर भी नजर रखी जाएगी। उन्होंने जिले में कार्यरत समस्त बैंकों से सभी प्रकार के लेन-देन की कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए तथा किसी भी संदिग्ध लेन-देन पर जिला निर्वाचन अधिकारी को सूचित करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया कि इस अवधि के दौरान जिले में कीमती वस्तुओं एवं एटीएम के लिए कार्य कर रही कैश वैन का भी निरीक्षण किया जाएगा। जिले में कार्यरत सभी गैर सरकारी एवं सरकारी संगठनों द्वारा की जा रही गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी। जिला में आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन एवं धन व अन्य वस्तुओं के दुरुपयोग की शिकायत के लिए शिकायत कक्ष स्थापित किए गए हैं। इनके दूरभाष 01892-223318, 222541 और 222581 और टॉल-फ्री नंबर 1800-180-8017 हैं। बैठक में उपायुक्त कांगड़ा सी पॉलरासु, अतिरिक्त उपायुक्त सुदेश मोक्टा, एडीएम राकेश शर्मा, एसडीएम डा. हरीश गज्जू, आबकारी एवं कराधान अधिकारी राकेश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित चुनाव से संबंधित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts