
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा क ी ग्राम पंचायत जुनास के जुनास गांव पर खतरा मंडरा रहा है। गांव के नीचे से भूस्खलन हो रहा है। इस कारण यहां के करीब 30 परिवार खतरे की जद में हैं। भूस्खलन होने के कारण जहां ग्रामीणों के घरों में दरारें आ गई हैं, वहीं उनकी उपजाऊ जमीन भी क्षतिग्रस्त हो रही है। इस गांव के नीचे पावर प्रोजेक्ट का संचालन कर रही गिनी गलोबल कंपनी ने करीब तीन साल पहले एक नहर का निर्माण कार्य शुरू किया था। इस दौरान की गई ब्लास्टिंग से लोगाें के घरों में दरारें आ गई थीं। इसके अलावा निर्माण के दौरान काफी ज्यादा भूमि कटाव किया गया है, जिससे भूस्खलन शुरू हो गया है। भूस्खलन को रोकने के लिए सुरक्षा दीवार तक नहीं लगाई गई है। करीब एक हफ्ते पहले भारी बारिश के कारण कंपनी की नहर फट गई। इस कारण यहां पर काफी भूस्खलन हुआ है। हालांकि कंपनी ने नहर फटने के बाद पानी को रोक दिया, लेकिन भूस्खलन का क्रम जारी है। इस कारण इस गांव को खतरा हो गया है। स्थानीय निवासी परस राम, दामोदर, चंद राम, पूर्ण चंद, गुरदयाल, जयदयाल, चंदू राम, दर्शन सिंह ने बताया कि भूस्खलन के कारण जहां उनके घरों में दरारें आ गई है, वहीं उनकी जमीन भी क्षतिग्रस्त हो रही है। पंचायत प्रधान पूर्ण चंद ने बताया जब कंपनी नहर का निर्माण कार्य कर रही थी तो गांव के नीचे सुरक्षा दीवार लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन वह नहीं लगाई गई। इस कारण भूस्खलन हो रहा है और गांव को खतरा पैदा हो गया है।
कंपनी के साइट इंचार्ज विक्रम राठौर ने बताया कि प्रोजेक्ट का काम बंद पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भूस्खलन के लिए कंपनी जिम्मेदार नहीं है।
