
देलग/ पंजगाई/ बैरी (बिलासपुर)। हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी एवं युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के मुद्दे पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसका काम रुकवाया है। केंद्र में मोदी की सरकार बनी तो एक साल के भीतर बंदला में ही हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज खोला जाएगा।
अनुराग रविवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देलग, सलनू, बैरी, पंजगाईं, धौनकोठी, द्रोबड़, हरनोड़ा, बरमाणा, दयोली व कुड्डी में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस कॉलेज के लिए जमीन दी थी। एनटीपीसी के साथ एमओयू साइन किया गया। वीरभद्र सिंह ने इसका शिलान्यास नहीं होने दिया। एनटीपीसी ने इसके लिए 37.50 करोड़ रुपये की पहली किश्त भी जारी की है। मैंने केंद्रीय उर्जा मंत्री सुशील कुमार शिंदे से कई बार मुलाकात की तो उन्होंने एक ही बात कही कि आपके प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह नहीं चाहते कि यह कॉलेज बिलासुपर में खुले। बिलासपुर के लोगों के लिए केंद्र से उन्होंने दस करोड़ की पेयजल योजनाएं स्वीकृत करवाई। प्रदेश सरकार ने इसे भी रोक दिया। अनुराग ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार और महंगाई बढ़ गई है। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश की तस्वीर बदल जाएगी। गलती से कांग्रेस कहीं दोबारा सत्ता में आ गई तो हर चीज के दाम दोगुने होना तय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को डेढ़ वर्ष का कार्यकाल बदला-बदली में खत्म हुआ है। डिपुओं पर सस्ता राशन मुहैया कराने के बजाए नए राशनकार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पढ़े-लिखे युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। बिलासपुर का विकास प्रेम कुमार धूमल, जगत प्रकाश नड्डा व सुरेश चंदेल के कार्यकाल में हुआ है। बिलासपुर को कोई नया प्रोजेक्ट देना तो दूर, वीरभद्र सिंह ने इस जिले के लिए मंजूर हाइड्रो इंजीनियरिंग कालेज भी खुलने नहीं दिया। इस मौके पर पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने भी अपने विचार रखे। सभाओं में कुलदीप ठाकुर, प्यारेलाल चौधरी, सुभाष ठाकुर, सुभाष शर्मा, रूपलाल ठाकुर, शशि शर्मा, प्रोमिला, अंजना, भुवनेश्वरी लुंबा, अंजु राणा, स्वदेश ठाकुर, सोनल शर्मा आदि भी मौजूद थे।
