पब्बर में नहीं रुका अवैध खनन

रोहड़ू पब्बर नदी में खनन से हो रहे भू कटाव को रोकने के लिए हालांकि सरकार हर साल करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। वहीं, नदी में अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
करीब 45 किलोमीटर पब्बर नदी के तट पर अवैध खनन बेरोकटोक जारी है। माफिया रात के समय नदी को छलनी कर रहे हैं। नदी में अवैज्ञानिक खनन से लगातार भूमि कटाव बढ़ रहा है। संदौर समोली, मांदली गांव के समीप तक भू कटाव पहुंच चुका है। भू कटाव को रोकने के लिए तीन गांवों के साथ सरकार ने लाखों रुपये खर्च कर दिए हैं। वहीं, खनन से करीब दो दर्जन उठाऊ पेजयल योजनाओं पर भी खतरा बना हुआ है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग विभाग हर साल पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं को नदी से बचाने के लिए सुरक्षा दीवारों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन रात के अंधेरे में खनन माफिया नदी के बहाव को रोकने के लिए बनी दीवारों को तोड़ कर पत्थर बेच रहे हैं।
क्या कहना है प्रशासन का
एसडीएम रोहड़ू वाईपीएस वर्मा का कहना है कि अवैज्ञानिक खनन रोकने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को सरकार ने कार्रवाई के लिए अधिकृत किया है। सभी विभागों को खनन रोकने के लिए कदम उठाने की जरूरत है। आईपीएच और वन विभाग भी इसके लिए अधिकृत है।

Related posts