बर्फबारी से हुआ 14 करोड़ का नुकसान

कुल्लू(भाग सिंह)इस बार जाड़े में सिलसिलेवार हुई बर्फबारी से सरकारी विभागों को करोड़ों का नुकसान हुआ है। जिला कुल्लू और लाहौल घाटी में 14 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति प्राकृतिक आपदा की चपेट में आई है। लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाइवे और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग में लोनिवि को सबसे अधिक करीब छह करोड़ का नुकसान हुआ है, वहीं नेशनल हाईवे अथॉरिटी के तीन करोड़ रुपये बह गए हैं।
आईपीएच सर्कल कुल्लू को सवा चार करोड़ तथा बिजली बार्ड को कुल्लू और लाहौल में 50 लाख की क्षति उठानी पड़ी है। नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर सभी विभागों ने शिमला भेज दी है। बर्फ के कारण लोनिवि को सबसे ज्यादा नुकसान बाह्य सराज आनी-निरमंड, बंजार और ऊझी घाटी के अलावा लाहौल उपमंडल में हुआ है। एनएच-21 के सहायक अभियंता प्रेम लाल ने एचएन-21 को बर्फबारी से तीन करोड़ रुपये के नुकसान होने की पुष्टि की है। आईपीएच को पेयजल व सिंचाई योजना पर कुल्लू और लाहौल में सवा चार करोड़ रुपये की चपत लगी है।

-आईपीएच विभाग को इस साल की सर्दी में जिला कुल्लू और लाहौल घाटी पेयजल की 123, सिंचाई की 52 योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इस पर विभाग को क्रमश: 1.43 करोड़, 2.54 करोड़ तथा अन्य पर करीब 25 लाख का नुकसान हुआ है।
पीवी वैद्य, अधीक्षण अभियंता आईपीएच कुल्लू सर्कल

जाड़े के मौसम में लोनिवि की कुल 100 के करीब सड़कें बर्फबारी से बंद रही। करीब तीन दर्जन मार्ग डंगे ढहने तथा सड़क के टूटने से क्षतिग्रस्त हुए हैं। विभाग को कुल्लू-1 और 2 में लगभग तीन करोड़, लाहौल घाटी में दो करोड़ तथा आनी डिविनि में करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है।
ललित भूषण, अधीक्षण अभियंता लोनिवि कुल्लू सर्कल

बर्फबारी से पोल व तारों के टूटने से इस बार की सर्दी में कुल्लू जिला व लाहौल उपमंडल में 900 से अधिक ट्रांसफार्मर बंद रहे। इसमें जिला कुल्लू के 700,लाहौल के 110 तथा आनी-निरमंड में भी 100 से ज्यादा ट्रांसफार्मर शामिल है। बोर्ड को कुल 50 से 60 लाख का नुकसान उठाना पड़ा है।
प्रवेश ठाकुर, अधीक्षण अभियंता बिजली बोर्ड कुल्लू

Related posts