
बरोट (मंडी)। तीन दिन से लगातार जारी बारिश और बर्फबारी अब लोगों की जान की आफत बन गई है। चौहारघाटी की लपास पंचायत के सचाण गांव में भारी बर्फबारी से हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान ढह गया है। इससे करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि एक अन्य चार कमरों के मकान में दरारें आ गईं, जिससे मकान के ढहने का खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय निवासी बीरी सिंह पुत्र दयालु राम ने बताया कि उसका मकान भारी ल्हासा गिरने से दब गया है, जिससे उसे करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि उसके साथ लगते खेम सिंह पुत्र नाथू, देवी दास पुत्र ढानू, जीतू राम व संत राम पुत्र सरगू के मकानों को भी ल्हासा गिरने से खतरा हो गया है। क्षेत्र में लगातार बर्फबारी और बारिश जारी है, जिससे समूची चौहारघाटी कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गई है। बीरी सिंह और उसके परिवार ने आसपास के घरों में शरण ली है। वहीं आसपास के तीन घरों में भी ल्हासे की वजह से दरारें आ गई हैं। खराब मौसम में लोग सहमे हुए हैं। हालांकि, मकान के ढहने के बारे में हलका पटवारी को भी सूचित कर दिया गया है। इधर, राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर का कहना है कि उन्हें इस घटना की सूचना दूरभाष के माध्यम से मिली है। इस बारे में पधर स्थित राजस्व महकमे को नुकसान का जायजा लेने और प्रशासन को प्रभावितों की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।
