
स्वारघाट (बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी स्थित स्वारघाट तहसील कार्यालय में करीब एक सप्ताह से तहसीलदार न होना लोगों के परेशानी का सबब बना हुआ है। तहसील कार्यालय में तहसीलदार न होने के चलते यहां के लोगों को मजबूरी में तहसील संबंधी कार्य करीब चालीस किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है।
क्षेत्र के लोगों में जगतराम, तेलूराम, हरनाम सिंह, चंद्रमणी धर्माणी, प्रेमनाथ, हरीश धर्माणी, वीरेंद्र पठानियां, धर्म सिंह, शंकर सिंह, कै. चौधरी राम सहित अन्य ने कहा कि क्षेत्र के लोग तहसील संबधि कार्य के लिए तहसील जा रहे हैं। तहसीलदार न होने से या तो लोगों को बैरंग घर लौटना पड़ रहा है। फिर जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है। बरी चौबीस पंचायतों के लोग तहसील कार्यालय में अपने राजस्व संबंधित कार्य के लिए आते हैं। उनके कार्य अधूरे ही रह जाते हैं। इसका अतिरिक्त कार्यभार श्री नयनादेवी जी मंदिर ट्रस्ट अधिकारी के पास 15 दिनों के लिए 31 जनवरी तक दिया गया था। अब एक सप्ताह से इस कार्यालय में तहसीलदार के रिक्त पद के चलते लोगों को चक्कर पर चक्कर काटने पर विवश होना पड़ रहा है। इसके चलते उनकी समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। लोगों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन से मांग की है कि तहसील कार्यालय स्वारघाट में तहसीलदार की तैनाती स्थाई रूप से की जाए। लोगों का समस्या से छुटकारा मिल सके।
