पीएचसी में नहीं होते प्रसव

धर्मशाला(आत्मा राम)जिले में एक दर्जन पीएचसी में ही महिलाओं को प्रसव की सुविधा मिल रही है। 80 के करीब प्राइमरी हेल्थ सेंटर हैं। इस कारण महिलाआें को सुरक्षित प्रसव करवाने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। इसके अलावा जिले में स्वास्थ्य विभाग महज 19 डिलीवरी सेंटर ही स्थापित कर पाया है। प्रसव की स्थिति में महिलाओं को उपमंडलीय और सिविल अस्पतालाें में प्रसव करवाने जाना पड़ रहा है। कायदे से हर पीएचसी में प्रसव करवाने का प्रावधान होना चाहिए। उधर, पीएचसी में प्रसव करवाने की सुविधा न होने के कारण महिलाओं को प्रसव के लिए 20 से 30 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है। कुछ पीएचसी में प्रसव करवाने को लेकर सारी व्यवस्था है मगर यहां पर चिकित्सक न होने के कारण महिलाओं को दूसरे अस्पतालों को रेफर किया जा रहा है। अनुराधा निवासी नगरोटा बगवां, राधिका निवासी बैजनाथ, सोनम निवासी पालमपुर, गीता निवासी नूरपुर, ममता निवासी देहरा ने बताया कि महिलाओं को सुरक्षित प्रसव करवाने में परेशानी हो रही है। ऐन वक्तपर महिलाआें को टांडा मेडिकल कालेज रेफर किया जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी गरीब परिवारों की महिलाओं को होती है। टीएमसी के एमएस डा. दिनेश सूद ने कहा कि अलग-अलग अस्पतालों से टांडा में दो दर्जन महिलाएं प्रसव को हर रोज पहुंचती हैं। उधर, सीएमओ डा. बीएम गुप्ता ने बताया कि जिले भर में महिलाओं को बेहतर सुरक्षित प्रसव करवाने की सुविधा है। 19 डिलीवरी सेंटरों के अलावा अस्पतालाें में प्रसव करवाने की सुविधा है।

Related posts