
चंबा। जिला में रुके पड़े सड़कों के निर्माण कार्य को तेज गति से करवाने के लिए वन विभाग ने प्रयास तेज कर दिए हैं। वन विभाग अब सड़कों के निर्माण के लिए एनओसी न दिए जाने के कारणों पर मंथन कर रहा है। पहले वन विभाग लंबे समय से एनओसी न मिलने वाली सड़कों पर ध्यान केंद्रित करेगा। उसके बाद एनओसी न दिए जाने के कारणों का पता लगाया जाएगा। उक्त कमियों को पूरा कर सड़कों को एनओसी दी जाएगी। इससे अब जिले में सैकड़ों सड़कों के काम शुरू होने की उम्मीद जगी है। अब जल्द ही 88 सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होने के असार जगे हैं। इसको लेकर अरण्यपाल कार्यालय में बैठक का आयोजन भी किया गया। इसमें भी इन सड़कों को जल्द से जल्द एनओसी देने को कहा गया है। इस मौके पर तमाम विभागों के विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहे। अब इन सड़कों के निर्माण कार्य के लिए शीघ्र एनओसी मिलने से हजाराें गांव सड़क सुविधा से जुड़ पाएंगे। वहीं, अरण्यपाल एआर रेड्डी ने बताया कि लंबे समय से लंबित पड़ी सड़कों का निर्माण कार्य के लिए एनओसी दी जाएगी। एनओसी न दिए जाने के कारणों का पता लगा कमियों को पूरा किया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि विभाग पहले 215 सड़कों को एनओसी दे चुका है।
