हालत नहीं सुधरी तो चक्का जाम होगा

बिलासपुर(सोनू शर्मा)चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे की हालत सुधारने के लिए बिलासपुर और सोलन जिला के ट्रक ऑपरेटर एकजुट हो गए हैं। सड़क की खस्ता हालत के कारण ऑपरेटरों को पहुंच रहे नुकसान पर तल्खी जताते हुए एसीसी, जेपी और अंबूजा सीमेंट कारखानों में ढुलाई के कार्य में लगे ट्रक ऑपरेटर संघों ने चक्का जाम की चेतावनी दी है। शनिवार को एडीएम बिलासपुर प्रदीप ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर ऑपरेटरों ने कहा है कि यदि एक-दो दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो नौ अप्रैल को नौणी में तीनों कारखानों के ट्रक ऑपरेटर सामूहिक रूप से चक्का जाम करेंगे। ऑपरेटरों का कहना है कि बरमाणा से किरतपुर तक नेशनल हाइवे की हालत वाहन चलाने लायक नहीं रही। सड़क पर बड़े-बडे़ गड्ढे पड़े हुए हैं। इस वजह से ट्रकों के कलपुर्जे टूटने से जहां ऑपरेटरों को नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं कई बार जाम की स्थिति भी पैदा हो रही है। सालाना लगभग 25 हजार रुपये प्रति ट्रक टैक्स भरने के बावजूद सड़क की हालत में सुधार नहीं हो रहा है। बीडीटीएस के प्रधान लेख राम वर्मा, महासचिव राजपाल गौतम, केएसटीएस रानी कोटला के प्रधान चमन ठाकुर, सहकारी सभा खारसी के प्रधान बुद्धि सिंह, खारसी सभा संघर्ष समिति के रोशन लाल, प्रधान ऋषि मारकंडेय भूतपूर्व सैनिक सोसायटी जुखाला सुरेंद्र कुमार, एसडीटीओ दाड़ाघाट के प्रधान रतन लाल मिश्रा, लैंडलूजर ट्रांसपोर्ट सोसायटी दाड़लाघाट के प्रधान कृष्ण शर्मा, प्रधान एडीएमके दाड़लाघाट बालक राम, गोल्डन लैंडलूजर सोसायटी की प्रधान सुमन शर्मा ने कहा कि ट्रक ऑपरेटरों ने बिलासपुर दौरे पर आए केंद्रीय भूतल एवं परिवहन राज्य मंत्री को ज्ञापन सौंपकर सड़क की दशा के बारे में बताया था। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को सड़क की मरम्मत के आदेश दिए थे, लेकिन अभी तक सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है। इस दौरान महासचिव खारसी दौलत सिंह ठाकुर, प्यारे लाल चौधरी, देश राज भारद्वाज, राजेश ठाकुर, रोशन लाल ठाकुर, कमीर सिंह चंदेल, राकेश ठाकुर, राम कुमार शर्मा सहित कई ऑपरेटर उपस्थित थे।

Related posts