
चंबा (गीता) नए वित्तीय वर्ष से सरकारी कर्मचारियों को वेतनवृद्धि और अन्य वित्तीय लाभ मिलने वाले हैं। वहीं शिक्षा विभाग में कार्यरत जिले के 500 से ज्यादा शिक्षक और गैर शिक्षक इन वित्तीय लाभों से वंचित रह सकते हैं। इन शिक्षकों ने अभी तक अपनी सर्विस बुक ऑनलाइन अपडेट नहीं की है। ऐसे में शिक्षा विभाग के पास इन अधिकारियों और कर्मचारियों की स्थिति का कोई अता-पता नहीं है।
जानकारी के अनुसार निदेशालय ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सर्विस बुक अपडेट करने का एक मौका दिया है। ये कर्मचारी 31 मार्च तक अपनी सर्विस बुक अपडेट करते हैं तो उन्हें राहत मिल सकती है। ऐसा करने पर ही वे नए वित्तीय वर्ष में मिलने वाले वित्तीय लाभ पा सकेंगे। मौजूदा समय में शिक्षा विभाग में तीन हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी हैं। इनमें से 500 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी सर्विस बुक अभी तक ऑनलाइन अपडेट नहीं की है। शिक्षा विभाग द्वारा बार-बार सूचित करने पर भी ये कर्मचारी सर्विस बुक अपडेट करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
वहीं इस संबंध में जिला नोडल अधिकारी अजय चौहान के अनुसार स्कूलों के प्रधानाचार्य, मुख्य अध्यापक और अन्य कर्मचारी अगर 31 मार्च तक सर्विस बुक ऑनलाइन अपडेट नहीं करते हैं तो शिक्षा विभाग छह अप्रैल तक संबधित स्कूलों को डिफाल्टर घोषित करके इनकी सूची निदेशालय को भेज देगा। निदेशालय ने सात अप्रैल तक इसकी सूची मांगी है। इसके बाद आगामी कार्रवाई निदेशालय की ओर से की जाएगी। वहीं इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने सभी प्रधानाचार्य व मुख्य अध्यापकों को निर्देश जारी किए हैं कि अपनी तथा अपने अधीनस्थ स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों की सर्विस बुक 31 मार्च तक ऑनलाइन अपडेट करें। ऐसा न होने पर अगर वह वित्तीय लाभों से वंचित रहते हैं तो इसके लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।
