
बिलासपुर(सोनू शर्मा)पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में पेंशन भत्ता देने संबंधी फैसले पर नाखुशी जाहिर की है। संगठन का कहना है कि पेंशनर्स की मांग पंजाब की तर्ज पर पेंशन में वृद्धि करने की थी, सरकार ने पेंशन भत्ता देकर पल्लू झाड़ लिया। संघ ने इस पर पुनर्विचार करने के साथ ही सरकार से अन्य वाद पूरे करने की भी मांग की है।
रविवार को पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की सदर इकाई के अध्यक्ष दौलत राम चौहान की अध्यक्षता में विश्वकर्मा मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेके नड्डा, प्रवक्ता हुकम सिंह ठाकुर, सदर ब्लाक सचिव डा. उपेंद्र गौतम व डीआर चौहान ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि पेंशनर्स की मुख्य मांग पंजाब की तर्ज पर 65, 70, 75, 80, 85, 90 व 95 वर्ष की आयु पूरी होने पर उनकी पेंशन में क्रमश: 5, 10, 15, 25, 35, 45 व 55 फीसदी वृद्धि करने की थी, लेकिन सरकार ने केवल पेंशन भत्ता देने की बात कही है। यह उनके साथ वादाखिलाफी है।
बैठक में मांग की गई कि वादे के अनुरूप पेंशन में वृद्धि करने के साथ ही पेंशनर्स को पंजाब की तर्ज पर प्रतिमाह 500 रुपये चिकित्सा भत्ता तथा प्रत्येक दो वर्ष के बाद एक माह की पेंशन पर्यटन भत्ते के रूप में दी जाए। बैठक में ओम प्रकाश गर्ग, ओपी मेहता, गोपाल शर्मा, सीताराम शर्मा, ईश्वरी प्रसाद उपमन्यु, सदाराम कौंडल, रविंद्र भट्टा, सुखराम आजाद, महेंद्र बक्शी, बलदेव, गोपाल व प्रेमलाल मेहता आदि ने भाग लिया।
