
शिमला(वी डी शर्मा)समय पर बिजली बिल जमा नहीं करवाने वाले सैकड़ों उपभोक्ताओं को बिजली बोर्ड ने पंद्रह दिन के भीतर बिजली बिल भरने का अल्टीमेटम दिया है। बोर्ड ने दो टूक कहा है कि इस समयावधि के भीतर बिल नहीं भरा तो बिना बताए कनेक्शन काट दिया जाएगा। शहर के हर क्षेत्र में रहने वाले कई लोगों को यह नोटिस दिए गए हैं। संजौली के कारोबारी रामचंद्र और छोटे लाल ने बताया है कि उनके बिल छह हजार रुपये से अधिक आए हैं। नए बिजली मीटर लगने के बाद ही इतनी वृद्धि हुई है। इससे पूर्व एक हजार रुपये से अधिक कभी भी बिल नहीं आया। छोटा शिमला के रमन शर्मा, खलीनी के पीएल भारद्वाज, कमल चंद, न्यू शिमला के प्रदीप वर्मा ने कहा है कि पहले नए मीटर लगाकर बोर्ड ने बिल बढ़ा दिए अब नोटिस भेजकर उपभोक्ताओं को धमकाया जा रहा है।
बिल जमा कराओ या शिकायत करो
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता विशेषर शर्मा का कहना है कि निर्धारित अवधि तक बिल जमा नहीं होने के चलते सॉफ्टवेयर के फिल्टर ने ऐसे लोगों को सूचीबद्ध किया है। अगर बिलों से संबंधित किसी को कोई शिकायत है तो बोर्ड के ऑफिस में संपर्क करना चाहिए। शिकायत नहीं करना और बिल जमा नहीं करना किसी समस्या का हल नहीं है।
कनेक्शन कटे तो श्मशानघाट में अनशन
बहुजन समाज पार्टी के शिमला शहरी अध्यक्ष रवि कुमार ने कहा है कि बिजली के नए मीटर लगाने के चलते बिलों में वृद्धि हुई है। लोगों को नोटिस भेजने की बजाय बोर्ड को शहर में लगे सभी मीटर बदलने चाहिए। बोर्ड ने अगर किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटा तो इसके खिलाफ संजौली (चलौंठी) स्थित श्मशानघाट में अनशन किया जाएगा। सरकार और बिजली बोर्ड निर्जीव हो गए हैं। जिंदा लोगों की समस्याएं इन्हें दिख नहीं रही हैं। ऐसे में श्मशानघाट में अनशन कर सोई हुई व्यवस्था को जगाया जाएगा।
