सुदृढ़ होगा प्रदेश का गुप्तचर विभाग

शिमला(वीरेन्द्र खागटा)हिमाचल में गुप्तचर विभाग को सुदृढ़ बनाने के लिए पुुलिस विभाग ने 14वें वित्त आयोग से 5 करोड़ रुपये मांगे हैं। यह राशि सीआईडी के अधिकारियों और कर्मचारियों की ट्रेनिंग और आधुनिकीकरण पर खर्च होगी। इसके अलावा पुलिस लाइन भराड़ी में आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर खोलने की भी योजना है। इस ट्रेनिंग सेंटर में सीबीआई और एनएसजी के पैटर्न पर ट्रेनिंग करवाने का प्रावधान होगा। इसके अलावा आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे। ट्रेनिंग पर पहली बार हिमाचल पुलिस ने इस तरह ध्यान दिया है। यह पहली बार होगा, जब पुलिस विभाग के सीआईडी विंग को सुदृढ़ करने के लिए पांच करोड़ मांगे गए हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच अधिकारियों को पेचीदा मामलों को सुलझाने में और दक्ष बनाने के लिए उन्हें सीबीआई और एनएसजी के ट्रेनिंग सेंटरों में भी भेजा जाएगा। इसके लिए बाकायदा उन्हें कोर्स करवाए जाएंगे। इसके अलावा साइबर क्राइम के बढ़ते ट्रेंड को देखते हुए साइबर सैल को और आधुनिक उपकरणों से लैस किया जाएगा। साथ ही साइबर क्राइम को सुलझाने के लिए जांच अधिकारियों को स्पेशल ट्रेनिंग करवाई जाएगी। अधिक से अधिक जांच अधिकारियों को कंप्यूटर की शिक्षा देना भी सुनिश्चित करवाया जाएगा। सीआईडी ने प्रपोजल बनाकर पुुलिस मुख्यालय को भेज दिया है। सीआईडी प्रमुख एडीजीपी एसआर मरडी ने बताया कि उन्होंने प्रपोजल बनाकर मुख्यालय भेजा है।

Related posts