
बिलासपुर( सोनू शर्मा) फोरलेन विस्थापित समिति ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ सात मार्च को प्रस्तावित ब्लैक फ्लैग मार्च के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इसके तहत फोरलेन विस्थापित अपनी मांगाें को लेकर शुक्रवार को हाथों में काले झंडे थामे नारेबाजी करते हुए उपायुक्त कार्यालय परिसर तक रैली निकालेंगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान शंख ध्वनि के साथ प्रधानमंत्री, भूतल परिवहन मंत्री व मुख्यमंत्री के पुतले भी फूंके जाएंगे।
समिति के अध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि फोरलेन विस्थापित व प्रभावित बीते करीब छह माह से अपनी मांगों को लेकर हर स्तर पर आवाज उठा रहे हैं। उन्हें आश्वासन तो मिल रहे हैं, लेकिन बात उससे आगे नहीं बढ़ रही है। सरकार ने मुआवजा मनमाने ढंग से दिया है। उस पर टैक्स व वैट भी वसूला जा रहा है। बसाव की व्यवस्था न होने से वे भूमिहीन व मकानहीन हो गए हैं। प्रोजेक्ट में रोजगार के मामले में भी उनकी अनदेखी करके बाहरी लोगों व नेताआें के चहेतों की मशीनरी व गाड़ियां लगाई जा रही हैं। लोगाें की बाकी बची जमीन को बचाने के लिए कोई योजना नहीं बनाई गई है। इसके चलते अधिग्रहण नहीं की गई भूमि में भी कटान किया जा रहा है। मुआवजा दिए बगैर ही फलदार पौधे धड़ाधड़ काटे जा रहे हैं। फील्ड बुक गलत ढंग से बनाई जा रही है। इससे पहले भाखड़ा बांध समेत कई अन्य कार्यों के चलते कई बार उजड़ चुके लोगों के सामने तंबुओं में रहने की नौबत आ गई है।
राम सिंह ने कहा कि फोरलेन विस्थापित केंद्र व प्रदेश सरकार को अपनी मांगों व समस्याओं से कई बार अवगत करा चुके हैं। बीते माह बिलासपुर आए केंद्रीय भूतल परिवहन राज्य मंत्री को भी दुखड़ा सुनाया गया, लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात वाला ही रहा। ऐसे में विस्थापितों के पास कठोर कदम उठाने के सिवा और कोई चारा बाकी नहीं बचा है। गत सोमवार शाम पनोह व कल्लर में आयोजित बैठकों में निर्णय लिया गया है कि सात मार्च को फोरलेन विस्थापित बिलासपुर में काले झंडे उठाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
