
रामपुर बुशहर।(संदीप वर्मा) ननखड़ी के बाद अब रामपुर क्षेत्र में भी तेंदुए का आतंक बढ़ गया है। शनिवार की रात रामपुर के रचोली में तेंदुआ देखा गया। इसके बाद क्षेत्र के लोगाें ने वन विभाग के डीएफओ को इस बारे में शिकायत की और तेंदुए को पकड़ने की मांग की। 20 दिन में तेंदुए ने ननखड़ी क्षेत्र से दो मासूमों को अपना शिकार बनाया है। जहां वन विभाग ने तेंदुए को आदमखोर घोषित करते हुए उसे मारने के लिए टीमें बना रखी हैं, लेकिन वन विभाग अभी तक तेंदुए को मार नहीं पाया है।
वहीं, रामपुर में भी अब लोगों को तेंदुए का डर सताने लगा है। शनिवार रात को करीब आठ बजे रचोली के रमेश चंद की लड़की जब चाय लेकर कमरे में जा रही थी तो अचानक लड़की की नजर तेंदुए पर पड़ी। तेंदुआ लड़की पर झपटने ही वाला था कि लड़की जोर से चिल्लाई। लड़की की आवाज सुनते ही परिवार के सदस्य बाहर निकले। इसके बाद तेंदुआ वहां से भाग गया। लोगों ने तेंदुए को भागते देखा। कमला नंद , चरन दास, भक्त सिंह नेगी, राजकुमार और बीरबल का कहना है कि इससे पूर्व भी क्षेत्र के कई इलाकों में तेंदुए को देखा गया है, लेकिन कोई घटना का शिकार नहीं हुआ है। उन्होंने वन विभाग के डीएफओ से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। इससे पहले ननखड़ी में तेंदुआ दो बच्चों को उठा ले गया था। वन विभाग को चाहिए कि इस तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। इधर, डीएफओ रामपुर अमित शर्मा का कहना है कि तेंदुआ दिखना आम बात है। उन्होंने कहा कि ननखड़ी वाले तेंदुए को अभी तक नहीं मारा गया है, टीमें काम कर रही हैं।
