
भोजनगर (सोलन)। विद्युत बोर्ड की लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। बोर्ड ने 24 फरवरी को भोजनगर व उसके आसपास के क्षेत्र में 100 से अधिक बिजली कनेक्शन काटने के आदेश जारी कर दिए। सभी कनेक्शन बिल जमा न करवाने पर काटे जा रहे हैं, जबकि उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनके पास बिजली बिल पहुंचे ही नहीं। उनका कहना है कि बोर्ड की ओर से बिल काटने के कार्य में जुटे कर्मचारी दुकानों में बैठकर बिल काटते हैं। वे घरों तक बिल पहुंचाना मुनासिब नहीं समझते। इसके कारण कनेक्शन काटने की नौबत पहुंच चुकी है। उनके अनुसार अब तक जितने भी बिल उनके पास आए हैं, वे उन्होंने समय पर जमा करवाए हैं। यहां तक कि भोजनगर पंचायत कार्यालय का कनेक्शन काटने के लिए भी आदेश पहुंच चुके हैं।
ग्राम पंचायत भोजनगर की प्रधान मीना वर्मा ने बताया कि उनके पास अभी तक कोई बिल नहीं आया है। इससे पहले जितने बिल आए थे, उन्होंने समय पर जमा करवाए हैं।
स्थानीय निवासी गौरव, राकेश, सुरेश, राम लाल, अनिल कुमार व नंदलाल आदि ने बताया कि अभी तक आए सभी बिजली बिल जमा करवाने की रसीद उनके पास है। बावजूद इसके कनेक्शन काटने के आदेश जारी किए जा चुके हैं। उनका आरोप है कि बोर्ड ने बिल दिए ही नहीं तो कनेक्शन क्यों काट रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बोर्ड ने जल्द ही इस पर कोई कार्रवाई नहीं की तो वे इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे।
इस बारे में उपमंडल धर्मपुर के एसडीओ केडी शर्मा ने बताया कि बिल जमा न करवाने पर ही कनेक्शन काटे जा रहे हैं। बिल काटने का कार्य ठेकेदार के कर्मचारी कर रहे हैं। यदि वे घर में बिल नहीं दे रहे हैं तो ठेकेदार से जवाब तलब किया जाएगा। बिल जमा करवाने के बाद मीटर चालू कर दिए जाएंगे।
