
शिमला।(वी डी शर्मा) बर्फबारी के बाद ऊपरी शिमला में परिवहन व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट पाई है। खड़ापत्थर, नारकंडा और चौपाल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही थमने से रविवार को एचआरटीसी के करीब 65 रूट फेल हुए हैं। बर्फबारी के कारण निगम की करीब 30 बसें विभिन्न क्षेत्रों में फंसी हुई हैं।
रविवार को एचआरटीसी की बसें ठियोग और कोटखाई रूट पर ही रवाना हो पाईं। राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर नारकंडा और ठियोग हाटकोटी मार्ग पर खड़ापत्थर में सड़क बंद होने के कारण जुब्बल, रोहड़ूू, रामपुर और रिकांगपिओ रूट पर बसों की आवाजाही बंद है। खिड़की में भारी बर्फबारी के कारण चौपाल रूट पर बसों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। रविवार को शिमला से रोहड़ूू की ओर रवाना की गई बसें खड़ापत्थर में फंस गईं। रोहड़ू से शिमला की ओर रवाना की गई बसें भी खड़ापत्थर में बर्फ के कारण रवाना नहीं हो पाईं। बर्फबारी के कारण रिकांगपिओ में पुह और स्पीति रूट पूरी तरह ठप हो गए हैं। रिकांगपिओ के लोकल रूट बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। हालांकि लंबे रूटों पर वैकल्पिक मार्गों से बसों की आवाजाही जारी है।
बर्फबारी से प्रभावित हो रही आवाजाही
बर्फबारी के बाद ऊपरी शिमला में बसों की आवाजाही प्रभावित हुई है। रविवार को कुफरी होते हुए ठियोग और कोटखाई के लिए बसें रवाना की गई हैं। खड़ापत्थर और नारकंडा बंद होने के कारण रोहड़ू और रामपुर रूट पर बसें रवाना नहीं हो पाई हैं।
– अनिल सेन
मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी
कुफरी में खतरे से खाली नहीं गाड़ी चलाना
छराबड़ा से कुफरी और फागू तक सड़क पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। फिसलन बढ़ने के कारण छराबड़ा, कुफरी, लंबीधार, गलू और फागू में गाड़ियां स्किड हो रही हैं। रविवार को भी कुफरी के पास गाड़ियां स्किड होने से लंबा जाम लगा रहा।
वैकल्पिक मार्गों से रवाना कीं बसें
बर्फबारी के कारण ऊपरी शिमला में सड़कें बंद होने के चलते बसें वैकल्पिक मार्गों से रवाना की जा रही हैं। रविवार को शिमला से रामपुर और रिकांगपिओ रूट पर वाया बसंतपुर बसें रवाना की गईं।
