गरबा और डांडिया पर धमाल

नयनादेवी (बिलासपुर)। भाषा एवं संस्कृति विभाग, नेहरू युवा केंद्र तथा हिमकला संगम के संयुक्त तत्वावधान में महाशिवरात्रि पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम संपन्न हो गया है। शनिवार राते मां नयनादेवी के दरबार में रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच इस उत्सव का समापन हुआ। भजन-कीर्तन से माहौल भक्ति मय हो गया। भोले नाथ और मां के भजनों पर श्रद्धालु भी थिरक उठे। महिषासुर मर्दनी और रामायण के अंश भी कलाकारों ने बखूबी प्रस्तुत किए। समापन अवसर पर बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष राम लाल ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। गुजरात के गरबा तथा डांडिया नृत्य पर जमकर थिरक उठे। कलाकारों ने इन नृत्यों के माध्यम से पश्चिम बंगाल की दुर्गा पूजा और राम लीला पर आधारित मुखौटा नृत्य प्रस्तुत किया। हिम कला संगम के कलाकारों द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों की राम लाल ठाकुर ने भी सराहना की।
राम लाल ठाकुर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले गुजरात, पश्चिम बंगला, उत्तरी क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र पटियाल तथा हिम कला संगम के कलाकारों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर भाषा एवं संस्कृति विभाग के पूर्व निदेशक डा. प्रेम शर्मा, जिला भाषा अधिकारी डा. अनीता शर्मा, युवा समन्वयक नेहरू युवा केंद्र डा. लाल सिंह, मंदिर अधिकारी, मदन लाल शर्मा, हिम कला संगम के अध्यक्ष सतपाल शर्मा, मंदिर के पुजारी तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related posts