आईटी शिक्षा दे रही कंपनी से करार बढ़ा

शिमला।(वीरेन्द्र खागटा)  हिमाचल के स्कूलों में आईटी शिक्षा दे रही पंजाब की सोसाइटी को सरकार ने छह महीने का और समय दिया है। कंपनी के साथ 31 मार्च को करार खत्म हो रहा है। आचार संहिता लागू होने के कारण विभाग अप्रैल में नई कंपनी को करार नहीं दे सकेगा। कंप्यूटर शिक्षा प्रभावित न हो, इसलिए पहले ही इस पर काम कर लिया है। विभाग की ओर से सोसाइटी को सितंबर 2014 तक का समय दिया है। इसके बाद विभाग की ओर से नया टेंडर आमंत्रित किया जाना प्रस्तावित है। प्रदेश के स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा को चलाने के लिए हर साल विभाग की ओर से टेंडर किया जाता है। पिछले साल पंजाब की सोसाइटी को काम सौंपा था।
इसके माध्यम से ही शिक्षकों की तैनाती की जाती है। इन शिक्षकों को वेतन की अदायगी भी कंपनी करती है। स्कूलों में तैनात शिक्षक बच्चों से कंप्यूटर शुल्क लेकर निदेशालय भेजते हैं। इस पैसे से विभाग की ओर से कंपनी को अदायगी की जाती है। निदेशालय से पैसे मिलने के बाद ही कंप्यूटर शिक्षकों को वेतन जारी होता है। स्कूलों में लंबे समय से तैनात कंप्यूटर शिक्षक भी पॉलिसी की मांग कर रहे हैं। विभाग के सोसाइटी के टेंडर को विस्तार देने से साफ है कि आने वाले अगले छह महीनों तक सोसाइटी के तहत ही कंप्यूटर शिक्षा चलेगी। कंप्यूटर शिक्षकों के लिए सरकार की ओर से कोई फैसला भी इस टेंडर को विस्तार मिलने के साथ टल गया है। प्रधान सचिव शिक्षा अली रजा रिजवी ने माना कि पंजाब की सोसाइटी का टेंडर 31 मार्च को खत्म हो रहा है। इसे अगले छह महीने तक बढ़ा दिया है।

Related posts