
चंबा। (गीता)निजी बस ऑपरेटर यूनियन की बैठक वीरवार को यूनियन के प्रधान रवि महाजन की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर हाल ही में चंबा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा जेल के पास बस अड्डा निर्माण की घोषणा को लेकर खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व पूर्व मंत्री हर्ष महाजन ने बस अड्डे का शिलान्यास जीरो प्वाइंट के पास किया था। बाद में इसे भाजपा सरकार ने 2010 में रद्द कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार शिलान्यास स्थल पर बस अड्डे का निर्माण क्यों नहीं कर रही है। महाजन ने कहा कि जीरो प्वाइंट पर बस अड्डे के निर्माण होने से ही गरीब जनता को इसका लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि जीरो प्वाइंट के पास परिवहन विभाग की लगभग 12 बीघा जमीन है। उन्होंने कहा कि जेल के पास से रावी नदी बहती है। इसके चलते कभी बाढ़ आ जाए तो बस अड्डे का बहने का खतरा भी बना रहेगा। महाजन ने कहा कि बस अड्डे को जीरो प्वांइट पर बनाने के लिए यूनियन जल्द ही हस्ताक्षर अभियान शुरू करने जा रही है। इसके बाद यूनियन मुख्यमंत्री से भेंट करके बस अड्डे को जीरो प्वाइंट पर ही बनाने के लिए गुजारिश करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर भी अगर प्रदेश सरकार बस अड्डा जीरो प्प्वाइंट पर नहीं बनाती है तो उच्च न्यायालय का सहारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रावी नदी से जेल परिसर की दूरी मात्र 30 मीटर है, जहां पर कोई भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। इस अवसर पर पवन कुमार, शेरू, मंगत राम, नरेश महाजन, दिलावर हुसैन, करम चंद, बिट्टू, संसार चंद चौधरी, जर्म सिंह ठाकुर, भक्त राम, चमन सिंह, मंजूर शेख व अक्षय उपस्थित रहे।
