
केलांग (लाहौल स्पीति)। लाहौल के चार हेलीपैडों में मरीजों एवं यात्रियों को लाहौल से कुल्लू पहुंचाने में खराब मौसम बाधा बन रहा है। करीब एक माह से इंतजार कर रहे लोगों को हेलीकॉप्टर उड़ानों की घोषणा से राहत पहुंचने के बावजूद बार-बार मौसम उड़ानों में अड़ंगा अड़ा रहा है। वीरवार को भुंतर हवाई अड्डे में हेलीकॉप्टर अपनी सेवा देने के लिए तैयार होने के बावजूद खराब मौसम के चलते लाहौल के तिंदी, तिंगरेट, रावा, सिस्सु और तांदी डाइट के लिए उड़ाने नहीं हो पाईं। हालांकि, कुल्लू के भुंतर हवाई अड्डे तथा लाहौल के पांचों हेलीपैडों पर लोग हेलीकॉप्टर के आने का इंतजार करने बैठे रहे, लेकिन खराब मौसम ने उन्हें एक बार फिर निराश कर दिया। इन सभी हेलीपैडों से कुल्लू आने वाले लोगों के अलावा लाहौल पंचायत प्रधान संघ अध्यक्ष वीर सिंह, शेर सिंह ठाकुर तथा जिला कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता अनिल सहगल ने सरकार के जीएडी से आग्रह किया है कि जब तक इन हेलीपैडों के लोगों को हेलीकॉप्टर सुविधा नहीं मिल जाती, तब तक शेड्यूल में फेरबदल न किया जाए। विधायक एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग उपाध्यक्ष रवि ठाकुर ने भी लोगों को भरोसा दिया है कि सरकार प्राथमिकता के साथ हेलीकॉप्टर सुविधा मुहैया करवाएगी। उन्होंने गौंधला में नवनिर्मित खिनंग हेलीपैड पर भी शीघ्र ट्रायल उड़ान करने का भरोसा दिया है।
