
ठियोग (शिमला)।(विक्रम विक्की ) ठियोग में जाम लगना आम बात हो गई है। पुलिस चाह कर भी जाम लगाने वालों पर शिकंजा नहीं कस पा रही है। यातायात नियमों को तोड़ने में सरकारी तंत्र का भी बड़ा हाथ है। आलू मैदान से लेकर जनोघाट और बस अड्डा तक आए दिन जाम लग रहा है। दो मिनट के इस सफर को पार करने के लिए 15 से 20 मिनट का समय लग रहा है।
दोपहर करीब 1:30 बजे बीडीओ कार्यालय के बाहर खड़ी सरकारी गाड़ी के कारण जाम लग गया, लेकिन साहब गाड़ी में नहीं थे। सामने खड़ी महिला पुलिस कर्मी चाह कर भी कुछ नहीं कर पा रही थी, क्योंकि गाड़ी सरकारी थी। 1:40 बजे थोड़ी ही दूर साथ लगी मारुति कार के कारण पथ परिवहन निगम की बस नहीं निकल पा रही थी। इस कारण जाम लगा रहा। 3:10 बजे रेस्ट हाउस के पास से बस अड्डे तक जाम लग गया। यहां जाम का कारण सड़क के दोनाें ओर खड़ी गाड़ियां बनी थी। डीएसपी रतन सिंह नेगी ने बताया कि जाम की परेशानी से जनता को निजात दिलाने के लिए पुलिस विभाग ने विभिन्न स्थानों पर पर पुलिस कर्मी तैनात कर रखे हैं। इसके बावजूद भी अगर कोई बिना पार्किंग के सड़कों के किनारे वाहनाें को खड़ा करता है तो चालान कर उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पुलिस विभाग ने जनोघाट, प्रेमघाट चौक, बस अड्डा, रहीघाट और रेस्ट हाउस के पास पुलिस कर्मियों की तैनाती की है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि जाम लगने का मुख्य स्थान भी यहीं है।
