नए बस स्टैंड निर्माण का रास्ता किया साफ

चंबा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जिला अस्पताल की हालत सुधारने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार इसके लिए गंभीर है। उन्होंने कहा कि चंबा में भी सरकार डाक्टर तो तैनात करती है, मगर वे यहां नहीं आते। उन्होंने जिला अस्पताल का दर्जा बढ़ाने का भी आश्वान दिया है। उन्होंने चंबा बस स्टेंड के निर्माण की बाधाओं को दूर करते हुए पुरानी जेल को जल्द तोड़ कर यहां नए बस स्टेंड का निर्माण कार्य शुरू करने के भी आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह पुरानी जेल को तोड़ने के आदेश दे रहे हैं। पुराने बस स्टेंड में भी बसों के आने-जाने की सुविधा मुहैया रखी जाएगी। इससे लोगों को शहर और नए बस स्टेंड तक आने-जाने में कोई परेशानी नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने चंबा के निर्माणाधीन कॉलेज को पर्याप्त बजट मुहैया करवाने के साथ ही इसके विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण करने के आदेश भी जारी किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार उन्होंने निर्माणाधीन कॉलेज भवन का निरीक्षण किया था। कॉलेज परिसर के लिए भूमि की व्यवस्था करने के लिए इसके आसपास की निजी भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इससे पहले जिला मंडी समिति के चेयरमैन नीरज नैय्यर ने मुख्यमंत्री के समक्ष जिला अस्पताल को स्तरोन्नत करने व डाक्टरों की कमी के अलावा स्कूलों को स्तरोन्नत करने सहित अन्य कई समस्याएं रखीं। इस पर मुख्यमंत्री ने चंबा क्षेत्र के करीब एक दर्जन स्कूलों को स्तरोन्नत करने की घोषणा की। साथ ही मुख्यमंत्री ने चंबा के लोगों को उनकी हर जायज मांग पूरा करने का आश्वान देते हुए कहा कि भले ही आम आदमी के लिए चंबा से शिमला दूर है, मगर उनको यहां आने के लिए सिर्फ एक घंटा ही लगता है।
इंसेट…..
ये स्कूल किए जाएंगे स्तरोन्नत
मुख्यमंत्री ने सिलाघ्राट, कुम्हारका, गागला, साच, धुलाड़ा, कोलका, मंगला व हरिपुर स्कूलों को हाई स्कूल से वरिष्ठ माध्यमिक, कुड़था को मिडल से हाई और सिंगी पंचायत के प्राइमरी स्कूल फतेहपुर व दरोगा, बरौर पंचायत के दीवानखाना, सराहन पंचायत के स्कूल गदरेहड़, पल्यूर पंचायत के टिपरा सहित कुछ अन्य स्कूलों को मिडल स्तर का करने की घोषणा की है। इसके अलावा पल्यूर पंचायत के कालीग्राम में नया प्राइमरी स्कूल खोलने की घोषणा की है।

Related posts