
चंबा। जिला चंबा रोजगार कार्यालय में स्टाफ की भारी कमी के बावजूद विभाग ने यहां तैनात एक कर्मचारी को बड़सर भेजा है। कहने को तो यह कर्मचारी जिला चंबा स्थित रोजगार कार्यालय में तैनात है, लेकिन सेवाएं बड़सर रोजगार कार्यालय में दे रहा है। पिछले लगभग दो साल से विभाग के एक क्लर्क को जिला चंबा रोजगार कार्यालय से वेतन व भत्ते दिए जा रहे हैं। कागजों में उसकी नियुक्ति चंबा रोजगार कार्यालय में चल रही है। विभाग के इस कर्मचारी को छह महीने का 32 हजार रुपये टीए भी दिया जा रहा है। मौजूदा समय में जिला रोजगार कार्यालय में मात्र एक सीनियर असिस्टेंट है। इसके अलावा दो चपरासी व एक पार्ट टाइम कर्मी के सहारे विभाग चला हुआ है। स्टाफ की कमी की वजह से चपरासी क्लर्क का काम करने को मजबूर हो रहे हैं। बेरोजगारों को यहां हर रोज परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। विभाग में जिला रोजगार अधिकारी सहित सुपरिंटेंडेंट, सांख्याकि सहायक व दो लिपिकों सहित आधा दर्जन से ज्यादा पद खाली चल रहे हैं। यह पद लंबे अरसे से खाली पड़े हुए हैं, लेकिन सरकार व संबंधित विभाग ने इन पदों को भरने की जहमत नहीं उठाई, उल्टा विभाग में तैनात कर्मचारियों को दूसरे जिलों में भेजकर कार्यालय में कार्यरत कर्मियों पर अतिरिक्त काम का बोझ डाल दिया है। इसके अलावा युवाओं को भी नाम पंजीकृत करवाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। उधर, जिला रोजगार कार्यालय में तैनात सीनियर असिस्टेंट डीएस राणा ने बताया कि विभाग में चल रही स्टाफ की कमी के बारे में विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
लेबर कमीशनर व एंप्लाइमेंट डायरेक्टर नंदिता गुप्ता ने बताया कि कर्मचारी को प्रशासनिक स्तर पर बड़सर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि बड़सर में स्टाफ की कमी चल रही थी। इसके चलते जिला चंबा से क्लर्क को वहां भेजा गया है। उन्होंने कहा कि उसके बाद जिला चंबा में भी एक सीनियर असिस्टेंट की नियुक्ति कर दी गई है।
