ऐसे कैसे कह सकेंगे बेटी है अनमोल

बैजनाथ (कांगड़ा)। प्रदेश सरकार की ओर से बेटी है अनमोल योजना के तहत अभी तक बजट ही मुहैया नहीं करवाया है। आईआरडीपी परिवारों से संबंधित सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से जमा दो तक अध्ययनरत छात्राओं को हर वर्ष इस योजना के तहत राशि उपलब्ध करवाई जाती है। इस मर्तबा शैक्षणिक सत्र की समाप्ति तक भी राशि मुहैया नहीं करवाई गई है। प्रदेश सरकार ने गत माह ही इस राशि में बढ़ोतरी की प्रस्तावना की है और अब राशि को उच्च कक्षाओं के लिए 1500 से बढ़ाकर 2250 तक कर दिया गया है, जबकि छोटी कक्षाओं के बच्चों की राशि में भी 100 से लेकर 200 रुपये तक की वृद्धि की गई है। वर्तमान में प्रदेश के 77 सीडीपीओ कार्यालयों के माध्यम से इस राशि को आवंटन किए जाने का प्रवाधान है। बैजनाथ सीडीपीओ कार्यालय ने बढ़ी हुई राशि के हिसाब से योजना के तहत करीब 11 लाख की राशि क ी मांग उच्च अधिकारियों को प्रेषित की है। इस प्रकार पूरे प्रदेश में इसके तहत करीब 12 करोड़ की राशि का वितरण इस वर्ग के परिवारों से संबंध रखने वाले बच्चों को किया जाता है। बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि हर वर्ष इस राशि का भुगतान अगस्त या सितंबर माह में कर दिया जाता था, लेकिन इस मर्तबा अब तक राशि नहीं मिल सकी है। उधर, जिला कार्यक्रम अधिकारी तिलक आचार्य ने बताया कि सरकार ने योजना की राशि में बढ़ोतरी की है। बजट मिलने के बाद राशि वितरित कर दी जाएगी।

Related posts