
धर्मशाला। पठानकोट से धर्मशाला आ रही पठानकोट डिपो की एचआरटीसी की बस का सुधेड़ के पास स्टेयरिंग ही टूट गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई, मगर चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बस में करीब 50 यात्री सफर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सुधेड़ के पास निगम की बस ने एक मोड़ पर दूसरी ओर से आ रही गाड़ी को जैसे ही पास दिया, स्टेयरिंग फ्री हो गया, लेकिन बस सीधी दिशा में चलती रही। मार्ग में खड़ी चढ़ाई होने के कारण चालक ने आसानी से बस को नियंत्रित कर लिया। बस का स्टेयरिंग सुधेड़ से पीछे फ्री होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। बस के रुक जाने के बाद सवारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद सवारियां पैदल ही धर्मशाला की ओर रवाना हुईं। बस में सफर कर रहे धर्मशाला कॉलेज के छात्र और अन्य अंकुश, मनीष, श्याम, कार्तिक, अतुल, मोहित, राशि, कल्पना, मोनिका, सुदर्शना, हेम राज, मुकेश ने बताया कि वे धर्मशाला आ रहे थे। सुधेड़ के पास स्टेयरिंग टूट जाने के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जैसे ही बस रुकी तो सवारियों की जान में जान आई। बस चढ़ाई में थी, इस वजह से चालक ने बस पर नियंत्रण पा लिया। वहीं, शाहपुर से धर्मशाला आ रहे ओम प्रकाश, दीप राज, बाबू राम, पुरुषोत्तम दास ने बताया कि बस खराब होने से उन्हें काफी परेशानी पेश आई। उन्हें धर्मशाला तक पैदल ही सफर तय करना पड़ा। बताया कि बस में 50 से ज्यादा सवारियां सफर कर रही थीं।
मामले की जांच होगी : आरएम
एचआरटीसी पठानकोट डिपो के आरएम आरके जरियाल का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई सूचना नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो मामले की जांच की जाएगी।
