
चामुंडा (कांगड़ा)। आदि हिमानी चामुंडा में आग की घटना को लेकर मंदिर के पूर्व न्यासियों की पालमपुर के पूर्व विधायक प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में डाढ में बैठक आयोजित हुई। इसमें पूर्व न्यासियों ने मंदिर के जल जाने पर दुख प्रकट किया। वहीं, जिला प्रशासन की आलोचना की। पूर्व विधायक प्रवीण कुमार ने कहा कि आदि हिमानी चामुंडा में हुए अग्निकांड को लेकर टिप्पणियां करने के बजाय मंदिर के पुनर्निर्माण के बारे में ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने मंदिर प्रशासन पर हमला बोलते हुए कहा कि अगले कुछ दिन में हिमानी चामुंडा के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की यात्रा शुरू होने वाली है। जबकि, मंदिर प्रशासन मंदिर के पास पड़ी बर्फ पिघलने का इंतजार कर रहा है। प्रशासन के पास हिमानी चामुंडा में पहुंचने के लिए कई साधन हैं। फिर भी प्रशासन इसके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हिमानी चामुंडा मंदिर के सर्वेक्षण के लिए सेना की मदद लें और फोरेंसिक टीम भी वहां पहुंच कर मंदिर की स्थिति का जायजा ले। उसके बाद उस रिपोर्ट को सरकार सार्वजनिक करे। यह मामला लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। वहीं, मंदिर के पूर्व संरक्षक पीडी सैणी ने कहा कि मार्च महीने मंदिर के लिए यात्रा शुरू हो जाएगी। प्रशासन जल्द मंदिर का निर्माण करे। मंदिर प्रशासन उचित समझता है तो पूर्व ट्रस्टी आज भी उनके साथ आगे चलने के लिए तत्पर हैं। उनमें से कई 80 साल से ऊपर होने पर भी तैयार हैं। इस मौके पर ओपी भारद्वाज, धर्मपाल, शिव कुमार शर्मा, जोगेंद्र धीमान, रशपाल कपूर, मेहर चंद, प्यार चंद, जगदीश चंद, देश राज आदि मौजूद रहे।
