सीपीआईएम ने किया उग्र प्रदर्शन

ऊना। सीपीआईएम ने सोमवार को स्थानीय मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर उग्र रोष प्रदर्शन किया। एमसी पार्क में पहले सीपीएम तथा सीटू के कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इस दौरान जिलाधीश कार्यालय तक जोरदार प्रदर्शन के बाद प्रांगण में स्थानीय मुद्दों को लेकर धरना दिया गया।
धरने पर सीपीआईएम के राज्य सचिवालय सदस्य डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, सीपीएम के जिला सचिव विजय शर्मा, सीटू के जिला प्रधान ओम दत्ता, सीटू सचिव गुरनाम सिंह, किसान सभा के जिला प्रधान केके राणा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि महंगाई तथा भ्रष्टाचार की मार देशवासियों पर भारी पड़ रही है। भाजपा देश की एकता को तोड़ने की कोशिश कर रही है। संर्कीण सोच अपना कर सांप्रदायिकता का जहर समाज में घोल रही है। जिसका प्रमाण गुजरात में अल्पसंख्यकाें पर हुए हमले हैं। जिसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी। जिला सचिव विजय शर्मा ने कहा कि जिला में लोगों को रेत बजरी खुले तौर पर मिलनी चाहिए और इसके ऊपर से प्रतिबंध हटाया जाना चाहिए। एलपीजी गैस का वितरण सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए। जंगली जानवरों तथा आवारा पशुओं द्वारा फसलों को उजाड़े जाने से किसान मुश्किल में हैं। सभी औद्योगिक क्षेत्रों में श्रम कानूनों की अनुपालना सुनिश्चित हो। जन वितरण प्रणाली को चुस्त दुरुस्त किया जाए। जिला मुख्यालय पर बस अड्डे का निर्माण जल्द से जल्द होना चाहिए। हरोली से रामपुर तक स्वां नदी पर तथा मंदली से लठियाणी तक गोविंदसागर झील पर पुल बनना चाहिए। स्वां नदी के लिए बनाए गए जलागम एवं कंडी परियोजना में फैले भ्रष्टाचार की जांच सीबीआई से करवाई जाए। आलू तथा अन्य सब्जी उत्पादकों की ज्वलंत समस्याओं पर गौर फरमाकर मंडियाें की स्थापना की जानी चाहिए।
इस दौरान मजदूरों, किसान, छात्र, निर्माण मजदूरों के नेता तथा पार्टी नेताओं ने भाग लिया। इस मौके पर ओमपाल, चमन लाल, यशपाल, अवतार सिंह, हुसन लाल, तिलक, सतपाल, विक्रम, सुखपाल, मिडे डे मिल नेताओं बलविंद्र, सुनीता, अनुराधा, दलजीत, कुशल, डा मनजीत, प्यारा सिंह, जोगा सिंह, तिलक, चेतन, संतोख सिंह, कर्म चंद, डीके शर्मा, ओपी सिद्धू, शशि पांडे, वासुदेव, जुगल किशोर, राजेंद्र प्रसाद, सरमीत सिंह, ब्रह्मनंद, गंभीर सिंह, मनकोटिया, संजीव, लक्की और रोहित आदि लोगों ने भाग लिया।

Related posts