
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के पूह और कल्पा खंड के पर्यटन स्थल सांगला की 36 पंचायतें अभी भी अंधेरे में हैं। इस कारण लोगों को चार दिन से कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी शुरू होते ही इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी, जो अभी तक बहाल नहीं हो पाई है।
हालांकि बिजली बोर्ड ने रविवार को पूह और सांगला के कुछ क्षेत्रों को छोटी बिजली परियोजनाओं से बिजली मुहैया करवा कर थोड़ी राहत जरूर दी है। पूह खंड के तीतंग पावर प्रोजेक्ट से रविवार को पूह के खाब नमज्ञा टाशीगांग, डुबलिंग और पूह के कुछ क्षेत्रों के लिए बिजली आपूर्ति की गई है, जबकि पर्यटन स्थल सांगला में भी रविवार को ही सांगला आजाद कश्मीर, रेशवाल, पुदोनाला और अस्पताल सहित कुछ अन्य क्षेत्रों को रोकती पावर हाउस से बिजली की आपूर्ति दी गई है। शेष क्षेत्र अभी भी अंधेरे में है।
भाजपा पूह मंडल अध्यक्ष अजेंद्र नेगी, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष पूह खंड महेश्वर सिंह नेगी, किसान मोर्चा के जिला महासचिव संतोष राज नेगी, पूह ग्राम विकास कमेटी सांगला महासचिव अधिवक्ता प्रविंद्र नेगी, प्रधान चांसु अनिल नेगी, प्रधान थैमगारंग सुलोचना नेगी, उपप्रधान बटसेरी, राम लाल नेगी, प्रधान रक्षम टिकम नेगी, राजेश नेगी, यशवंत नेगी, दीपक नेगी, दिव्या नेगी, सुरजीत नेगी, महेंद्र नेगी, अरुण नेगी, उदय नेगी, अनूप नेगी, ज्ञान चंद नेगी, राम जगत नेगी, सुनील नेगी, छतर सिंह नेगी, ईश्वर नेगी, यतेंद्र नेगी, मनोज नेगी आदि लोगों ने कहा कि जिले के लोग वीरवार रात से अंधेरे में हैं। इस कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में एसडीओ पूह तारा नेगी ने कहा कि स्पीलो से पूह के बीच जगह-जगह भारी बर्फ बारी से बिजली की तारों को नुकसान पहुंचा है। इधर, एसडीओ सांगला नरेंद्र वर्मा ने कहा कि कड़छम से कुप्पा तक बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा है, जिसे ठीक करवाया जा रहा है।
