आचार संहिता से पहले होगी तोहफे की बरसात

मंडी। लोक सभा चुनाव से पहले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में मंडी वासियों को सरकार इस बार कई तोहफे देने की फिराक में है। करोड़ों की लागत से निर्माणाधीन योजनाओं को पूरा करने का काम तेजी से चल रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत केंद्र के दो मंत्रियों के दौरों को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पहले 24 फरवरी को मंडी आने का कार्यक्रम बन रहा था, लेकिन अब वे 27 फरवरी को मंडी आएंगे और तीन मार्च तक मंडी में अनेक सरकारी संस्थानों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। 28 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ पर जलेब में शिरकत करेंगे। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक शिवरात्रि में दो केंद्रीय मंत्रियों को भी बुलाया जा रहा है। इनमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाब नबी आजाद संभावित तिथि 28 फरवरी को करीब 800 करोड़ की लागत से बन रहे ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज नेरचौक का शुभारंभ करने की संभावना है। वहीं वे शिवरात्रि महोत्सव में भी बतौर अतिथि भाग ले सकते हैं। इसी के साथ द्रंग विधान सभा क्षेत्र के द्रंग में नमक आधारित उद्योग लगाने के लिए केंद्रीय खान मंत्री दिन्शा जे. पटेल आधारशिला रखने पहुंच रहे हैं। नमक आधारित उद्योग स्थापित करने के लिए हिंदोस्तान साल्ट लिमिटेड से करार किया गया है और इस पर करीब 300 करोड़ का निवेश किया जा रहा है। यहां नमक आधारित उद्योग लगाने के लिए 90 बीघा भूमि का चयन किया गया है। जहां करीब तीन हजार मीट्रिक टन नमक उत्पादन की संभावना है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से मंडी शहर में बहुउद्देशीय पार्किंग और शॉपिंग माल की आधारशिला रखने की संभावना है। इसके अलावा रिवालसर और लडभड़ोल कॉलेज की भी आधारशिला रखेंगे। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री और दोनों केंद्रीय मंत्रियों का दौरा अभी फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन प्रशासन को इस संबंध में निर्देश मिल चुके हैं।

Related posts