
गोहर (मंडी)। बर्फबारी के कारण दो दिन से लोनिवि की करीब 700 किलोमीटर सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हैं। सराजघाटी में रविवार को बर्फबारी के बाद लगभग 30 घंटे बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाई है। सराज और नाचन विस क्षेत्रों की करीब 70 पंचायतों का संपर्क शेष जिला से कट गया है। सराजघाटी में आधा दर्जन निगम की बसें दो दिन से बर्फ में फंसी हुई हैं। अनेक पंचायतों में पेयजल आपूर्ति ठप है। जहां बर्फ के पानी से लोगों को गुजारा करना पड़ रहा हैं। सराज क्षेत्र के साथ ज्युणी और कमरूघाटी में जनजीवन अस्त व्यस्त है। लोनिवि की मशीनें और मैन पावर सड़कों से बर्फ हटाने में जुट गए हैं। रविवार को मौसम खुलने से क्षेत्र के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों और सैलानियों की जमावड़ा लगा रहा। जंजैहली घाटी में सलाहर स्थान पर लोगों ने बर्फ का भरपूर आनंद लिया तथा कमरूघाटी के सरोआ धार पहुंचे सैकड़ों सैलानियों ने परिवार और दोस्तों समेत बर्फबारी में मौज की। बर्फबारी के कारण क्षेत्र में स्कूली बच्चों को भी खासी दिक्कत रही। बर्फ में लोगों की दिनचर्या डगमगा गई है। सराजघाटी में विद्युत विभाग को भारी क्षति पहुंची है। अनेक पंचातयों में विद्युत लाइनें, पोल और तारें बर्फ के कारण टूट गई हैं। इस कारण विभाग को खूब पसीना बहाना पड़ रहा है। दो दिन बंद रही बिजली से सराज के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं सिर पर होने के कारण भारी हिमपात से वे भी परेशानी में है। तहसीलदार थुनाग विद्याधर नेगी ने बताया कि रविवार सायं विद्युत सुविधा जंजैहली घाटी में बहाल हो गई है। उन्होेंने बताया सराजघाटी में सभी सड़कें बंद हैं। जहां विभाग की मशीनें और मजदूर सड़कों से बर्फ हटाने में जुटे हुए हैं। उधर शिकारी देवी में रिकार्ड बर्फबारी होने का समाचार है। शिकारी देवी में करीब दस फुट बर्फ दर्ज की गई है। कमरूनाग में सात फुट बर्फ गिरने की सूचना है। रविवार को मौसम खुलने से कमरूनाग झील ठंड के कारण पूरी तरह जम गई। एसडीएम विवेक चंदेल ने बताया कि उपमंडल से जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
