
नेरचौक (मंडी)। कसारला पंचायत के जनरल हाउस में रविवार को पंचायत भवन को लेकर हंगामा हो गया। जनरल हाउस में पंचायत भवन बनाने के मुद्दे को लेकर दो पक्षाें में मतभेद पैदा हो गया। इस पर जनरल हाउस में घमासान छिड़ गया। आखिर, इस विवाद को शांत करवाने के लिए पुलिस की मदद लेनी पड़ी। हालांकि दोनों पक्षाें में हाथापाई नहीं हुई, लेकिन पक्षाें में तीखी नाेंक-झोंक और कड़े विरोध को देख पंचायत प्रधान को पुलिस बुलानी पड़ गई। इसके बाद पुलिस की देखरेख में वोटिंग हुई। इसके बाद बहुमत से अंतिम फैसला हुआ।
कसारला पंचायत के पास खुद का भवन नहीं है। वर्षों से पंचायत का कार्य धड़वाहन स्थित कम्युनिटी हॉल में चल रहा है। रविवार को पंचायत का अपना भवन बनाने को लेकर ही जनरल हाउस बुलाया गया था। इसमें पंचायत के 236 लोगाें ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई, लेकिन पंचायत भवन धड़वाहन और कसारला में बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद खड़ा हो गया। भवन कसारला में बनाने को लेकर कसारला गांव के कुछ स्थानीय लोग धड़वाहन में बनाने के विरोध पर उतर आए। इसके बाद जनरल हाउस में माहौल तनावपूर्ण हो गया। विरोध पर उतरे इन लोगाें के न मानने पर एवं स्थिति को बिगड़ता देख पंचायत प्रधान को आखिर पुलिस की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद पुलिस की देखरेख में पंचायत भवन बनाने को लेकर वोटिंग हुई। जिसमें पंचायत का नामकरण कसारला एट धड़वाहन और पंचायत भवन धड़वाहन में बनाने के समर्थन में 162 वोट पड़े। हालांकि विरोध के बीच कुछ लोगाें ने वोटिंग प्रक्रिया में भाग नहीं लिया।
बाक्स
पंचायत भवन के निर्माण के लिए 3 लाख 40 हजार की राशि प्रशासन से स्वीकृत हुई है। धड़वाहन में भवन बनाने के लिए भूमि दान की गई है, जबकि कसारला में जमीन की भी समस्या है। जनरल हाउस में पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकतर लोगाें की सहमति के बावजूद कुछ लोगाें ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इस पर पुलिस की मदद लेनी पड़ी। वोटिंग में बहुमत के आधार पर पंचायत भवन को धड़वाहन में ही बनाने का निर्णय लिया गया है।
-भीखम राम पंचायत प्रधान कसारला।
बाक्स
पंचायत प्रधान के अनुरोध पर पुलिस बल को मौके पर भेज दिया गया था, लेकिन कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।
-मदन धीमान एसएचओ बल्ह।
