तीन साल में नियमित किए जाएं अनुबंध शिक्षक

घुमारवीं (बिलासपुर)। प्रशिक्षित कला स्नातक अध्यापक (टीजीटी आर्ट्स) संघ ने इस वर्ग की पदोन्नति के लिए पिछले वर्षों की एसीआर मंगवाने पर आपत्ति जताई है। संघ का कहना है कि अध्यापकों की एसीआर हर साल शिक्षा उप निदेशकों के माध्यम से शिक्षा निदेशालय को भेजी जाती है। ऐसे में अब पिछले वर्षों की एसीआर दोबारा मंगवाना व्यवहारिक नहीं है।
रविवार को टीजीटी आर्ट्स एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव सुरेश पन्याली की अध्यक्षता में घुमारवीं में आयोजित जिला इकाई की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। चुनाव के दौरान सरकार ने पंजाब की तर्ज पर कर्मचारियों को नवंबर 2006 से 4-9-14 का टाइम स्केल व वित्तीय लाभ देने का वादा किया था। अब यह वेतनमान अक्तूबर 2012 से देने की घोषणा की गई है। इससे कर्मचारी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
सरकार से मांग की गई कि एक ही पद पर 15 वर्ष का सेवाकाल पूरा कर चुके अध्यापकों को दो वेतन वृद्धियां दी जाएं। अनुबंध अध्यापकों को तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर नियमित करने के साथ ही प्रथम नियुक्ति से वरीयता प्रदान करने व अन्य कर्मचारियों की तरह अर्जित अवकाश का प्रावधान करने की भी मांग की गई। यह भी मांग की गई कि आठवीं के बच्चों की परीक्षा उन्हीं स्कूलों में कराने की व्यवस्था की जाए, जिनमें वे पढ़ रहे हैं। बैठक में संघ के जिला अध्यक्ष दिग्विजय मल्होत्रा, महासचिव वेदप्रकाश शर्मा, अखिलेश, राकेश चौधरी, पवन सांख्यान, बलदेव, करतार सिंह, राकेश सिंह, भूपेंद्र तथा ओंकार ठाकुर के साथ ही रामेश्वर कटोच, राजीव शांडिल्य, हंसराज, कुसुम चौहान, सुभाष, संजीव, श्यामलाल शर्मा व रमा पटियाल आदि ने भाग लिया।

Related posts