
चंबा। प्रदेश के मिनी स्विट्जरलैंड खज्जियार को जोड़ने वाला मार्ग तीन दिनों से बंद पड़ा हुआ है। इसके चलते बर्फ की सफेद चादर से ढकी खज्जियार झील का लोग दीदार नहीं कर पा रहे हैं। बताया जा रहा है पड़ोसी जिलों और पड़ोसी राज्यों से बर्फ देखने के लिए आने वाले पर्यटक डलहौजी से ही वापिस लौट रहे हैं। इससे खज्जियार में आलीशान होटल बनाकर बैठे व्यवसायियों को निराशा हाथ लग रही है। खज्जियार के होटल व्यवसायी मार्ग खुलने की राह ताक रहे हैं। खज्जियार में होटल व्यवसायियों के अलावा स्थानीय लोग भी रोजी रोटी कमाने के लिए आते हैं। बर्फ पड़ने से और मार्ग ठप रहने से इन लोगों का धंधा भी बंद पड़ जाता है। खज्जियार मार्ग खुला होने से काफी संख्या में पर्यटक मिनी स्विटजरलैंड की सुंदरता का दीदार करने के लिए आते हैं। पर्यटकों की बदौलत ही खज्जियार में दर्जनों परिवारों की रोजी रोटी का जुगाड़ होता है। बर्फ के दिनों में खज्जियार मार्ग खुला रहता है, तो इससे पंजाब, दिल्ली व पड़ोसी राज्य के पर्यटक यहां पहुंच सकते हैं।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता एमके मिन्हास ने बताया कि मार्ग को खोलने का कार्य जोरशोर से चला हुआ है। उन्होंने बताया कि मार्ग के रविवार देर शाम खुलने की संभावना है। अगर मार्ग रविवार को नहीं खुलता है, तो मौसम ठीक होने पर सोमवार को बहाल कर दिया जाएगा।
विदेशों की तर्ज पर स्नो कटर की व्यवस्था करे विभाग
जिला कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान सतपाल ठाकुर, चंबा लोक कला मंच के प्रधान उत्तम नरूला, भारत स्वाभिमान न्यास के जिलाध्यक्ष विक्रमादित्य महाजन का कहना है कि खज्जियार मार्ग को बर्फबारी में भी खुला रखने की व्यवस्था की जाए। विदेशों की तर्ज पर गैसीय स्नो कटर की व्यवस्था खज्जियार के लिए की जाए, तो यहां पर बर्फ के दिनों में भी पर्यटक खज्जियार की मनोरम वादियों को निहार सकते हैं। उन्होंने सरकार व विभाग से इस तरफ ध्यान देने की मांग की है।
