
चंबा। जिला चंबा में निजी कंपनियों व शिक्षण संस्थानों के विज्ञापन होर्डिंग व बैनर जगह-जगह सरकारी व निजी संपत्ति पर बिना किसी इजाजत के धड़ाधड़ लगाए जा रहे हैं। खासकर चंबा शहर में बेतरतीब लगे बैनर व होर्डिंग शहर की सुंदरता को ग्रहण लगा रहे हैं। विभिन्न कं पनियों व शिक्षण संस्थानों की ओर से अनुचित तरीके से जगह-जगह होर्डिंग, फ्लैक्स व अन्य प्रकार के पोस्टर लगाए गए हैं। हालांकि सरकारी व निजी संपत्ति पर विज्ञापन सामग्री के लिए संबंधित विभाग या संपत्ति के मालिक की इजाजत लेना जरूरी है, मगर शहर में ऐसा नहीं हो रहा। साथ ही विज्ञापन सामग्री को तय समय में हटाने का भी प्रावधान होता है, मगर शहर में लगे पोस्टर व बैनर एक बार लगाने के बाद हटाए नहीं जाते है। इससे शहर बदसूरत बनता जा रहा है। विज्ञापन सामग्री जहां बिजली व एक्सचेंज के खंभों पर टंगी हुई हैं, वहीं कई जगह पर हरे पेड़ों पर कीलें लगाकर विज्ञापन सामग्री लटकाई गई है। इससे सरकारी नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ती नजर आ रही है। इसके अलावा प्रशासन व संबंधित विभाग कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहा है। जिला मुख्यालय क ी बात करें तो बस अड्डे से लेकर पूरे शहर में बिजली, स्ट्रीट लाइट व टेलीफोन के अधिकांश खंभों पर निजी कंपनियों व शिक्षण संस्थानों के होर्डिंग आम दिखाई देते हैं। विद्युत व एक्सचेंज के खंभों पर विज्ञापन सामग्री लटकी होने के कारण कई बार लाइन में खराबी आ जाए तो विद्युत कर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लाइन को ठीक करने के लिए पहले वहां पर लगी विज्ञापन सामग्री हटानी पड़ती है, उसके बाद मरम्मत कार्य शुरू हो पाता है।
उधर, बिजली बोेर्ड के अधिशाषी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि विद्युत खंभों पर होर्डिंग व अन्य सामग्री टांगने वाली कंपनियों व संस्थानों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
